मुरादाबाद। दिल्ली हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार सिक्योरिटी गार्ड को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत में पुलिसकर्मी उन्हें जिला अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
मझोला थाना क्षेत्र के ग्राम कुंदनपुर निवासी हरि सिंह ने बताया कि उसके पिता राम सिंह राठौर (50) दिल्ली रोड स्थित एक फैक्टरी में सिक्योरिटी गार्ड थे। शनिवार सुबह वह रामपुर शुगर की दवा लेने गए थे। रामपुर में भी उनके परिवार के कुछ लोग रहते हैं। जिनसे मुलाकात करने के बाद वह रात दवा लेकर बाइक से वापस आ रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर सिहोराबाजे गांव के निकट हाईवे पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर गए। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस रामसिंह को जिला अस्पताल ले गई। जहां उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मूंढापांडे थाना प्रभारी संजय कुमार पांचाल ने बताया कि इस मामले में अभी परिवार वालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।