आईसीसी महिला क्रिकेट विश्वकप में भारतीय टीम का तीसरा मुकाबला वेस्टइंडीज से हुआ। इसमें मुरादाबाद रेल मंडल में तैनात बुकिंग क्लर्क मेघना सिंह ने दो शानदार विकेट झटके। 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने बाएं हाथ की बल्लेबाज कायसिया नाइट को स्मृति मंधाना के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद 17 ओवर की चौथी गेंद पर आउटस्विंग गेंद से बल्लेबाज स्टेफनी टेलर को चकमा दिया। बल्लेबाज ने गेंद को रोकना चाहा लेकिन गेंद बल्ले का अंदरूनी किनारे से लगकर कीपर ऋचा घोष के हाथों में पहुंच गई। इस तरह मेघना ने छह ओवर में 27 रन देकर दो सफलताएं हासिल की। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मैच में मेघना सिंह को कोई विकेट नहीं मिला था। जबकि पाकिस्तान के खिलाफ उन्हें एक विकेट से संतोष करना पड़ा था। इसके बाद मेघना ने अपनी गेंदबाजी में लेंथ पर काम किया है। इसका नतीजा विंडीज के खिलाफ खेले गए मैच में देखने को मिला। बाएं हाथ के बल्लेबाज कायसिया नाइट ने लेंथ बॉल पर पुल शॉट खेलना चाहा। गेंदबाजी की अच्छी लेंथ और बल्लेबाज की टाइमिंग खराब होने के कारण गेंद ज्यादा दूरी तय नहीं कर सकी और थर्ड मेन पर फील्डिंग कर रही स्मृति मंधाना ने आसान कैच लपक लिया। मेघना सिंह ने बताया कि वह गेंदबाजी के साथ फील्डिंग पर भी अतिरिक्त मेहनत कर रही हैं। इसी के चलते मेघना ने शनिवार को खेले गए मैच में एक खिलाड़ी को रन आउट किया और एक अच्छा कैच पकड़ा। इस दौरान मुरादाबाद में रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मैच का आनंद लिया। रेलवे के स्पोर्ट्स सचिव राजेंद्र शर्मा ने अपने परिवार के साथ बैठकर पूरा मैच देखा। इसके अलावा वाणिज्य विभाग में तैनात मेघना के साथियों ने विंडीज के खिलाफ मैच में उनकी गेंदबाजी के छोटे-छोटे वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। भारतीय टीम का अगला मैच 16 मार्च को इंग्लैंड के खिलाफ है। इसे लेकर रेलवे के स्टाफ ने मेघना को शुभकामनाएं दी हैं।