मुरादाबाद। ध्यान रहे! कोरोना जाति, धर्म, उम्र, परिवार कुछ नहीं देखता है। सावधानी एवं सामाजिक दूरी ही इसका बचाव है। इस परिवार के लोगों ने तोड़ी और पीतल कारोबारी के दूसरे भाई की भी कोरोना से शनिवार को मौत हो गई। कारोबारी की मौत पहले ही हो चुकी है। हालांकि सबसे बड़े भाई की मौत को हार्ट अटैक से होना बताया जा रहा है पर स्वास्थ्य विभाग इसे संदिग्ध मान रहा है। इस परिवार के कई लोगों को कोरोना पुष्ट हो चुका है और परिवार रिश्तेदार समेत पचास लोग क्वारंटीन हैं। 22 दिन में तीसरे भाई की भी मौत होने से इस परिवार में कोहराम मचा है।
एक लापरवाही से नवाबपुरा के पीतल कारोबारी का पूरा परिवार बिखर गया है। महीने भर के अंदर एक के बाद तीन भाइयों की मौत हो गई है। नवाबपुरा के पीतल कारोबारी चार भाई हैं। उनके छोटे भाई ने भी शनिवार तड़के टीएमयू में दम तोड़ दिया। इससे पूर्व मृतक के एक भाई की अप्रैल के पहले सप्ताह में और खुद पीतल कारोबारी की 13 अप्रैल को कोरोना संक्रमण से ही मौत हो चुकी है। हालांकि बड़े भाई की मौत को हार्ट अटैक बताया जा रहा है पर स्वास्थ्य विभाग इसे भी संदिग्ध मान रहा है।
इतना ही नहीं, इस परिवार के कई सदस्य पॉजिटिव और क्वारंटीन हैं। इसलिए अब भी मुरादाबाद के लोगों के लिए संभलने का वक्त है। इससे ही आप खुद की जान के अलावा परिवार और समाज को सुरक्षित कर सकते हैं। मुरादाबाद में 1277 कोरोना सैंपल में 99 पॉजिटिव केस आ चुके हैं। इनमें छह कोरोना पॉजिटिव की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। जबकि ठीक होकर घर लौटने वालों की संख्या अभी मात्र दो है। मुरादाबाद में मरने वालों का प्रतिशत प्रदेश की तुलना में अधिक और सही होने वालों में कम है। प्रदेश में 1778 कोरोना केस मिले हैं और इनमें 26 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों का प्रतिशत 1.4 है। जबकि 248 लोग 13 फीसदी ठीक होकर घर लौटे हैं। मुरादाबाद में मरने वालों का प्रतिशत करीब छह और सही होने वालों का मात्र दो फीसदी है। मुरादाबाद जिले की आबादी संभावित करीब 4772006 है। आबादी के अनुपात में 1277 सैंपल कहीं भी नहीं टिकते हैं। ऐसे में आप लोगों की सजगता ही कोरोना के संक्रमण को फैलने से बचा सकता है।
कोरोना के लिए बच्चा-बूढ़ा, महिला-पुरुष, अमीर-गरीब और हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई एकसमान हैं। कोरोना का संक्रमण खुद की लापरवाही से घर की दहलीज तक आता और साथ में पूरे परिवार को लेकर जाता है। इसलिए घरों में रहें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें - डा. एमसी गर्ग सीएमओ
आज की रिपोर्ट का हाल
144 कुल जांच
140 निगेटिव
तीन पॉजिटिव, एक की मौत
एक पर संशय