मुरादाबाद। गर्मी के मौसम में लोग राहत के लिए उत्तराखंड और जम्मू की वादियों की ओर रुख कर रहे हैं। तमाम लोगों ने स्कूलों में ग्रीष्म कालीन अवकाश के बाद का प्लान कर ट्रेनों में बुकिंग करा ली है। नतीजतन मुरादाबाद से उत्तराखंड और जम्मू जाने वाली ट्रेनों में जून तक सीटें फुल हो गई हैं। जम्मू जाने के लिए 24 मई से सिर्फ जम्मू गरीबरथ एक्सप्रेस के एसी चेयरकार कोच में सीटें खाली हैं।
जबकि उत्तराखंड जाने के लिए नैनी दून और काठगोदाम देहरादून एक्सप्रेस में 15 मई से विकल्प मौजूद हैं। इसके अलावा सभी ट्रेनों में जून के अंतिम सप्ताह तक बुकिंग फुल हैं। ज्ञात हो कि छह मई से केदारनाथ धाम और आठ मई से बद्रीनाथ धाम के कपाट खुल रहे हैं। इसके चलते भी मुरादाबाद से यात्री काफी संख्या में रोजाना बुकिंग करा रहे हैं। मुरादाबाद से जम्मूतवी के लिए सप्ताह के अलग अलग दिनों में 11 ट्रेनें चलती हैं। उनमें मुख्य रूप से अमरनाथ एक्सप्रेस, बेगमपुरा, कोलकाता-जम्मूतवी और अर्चना एक्सप्रेस में लोग बुकिंग कराते हैं। जबकि इन दिनों साप्ताहिक ट्रेनों में भी बुकिंग की भरमार है। लोहित एक्सप्रेस, हिमगिरि एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस में भी 20 जून के बाद तक वेटिंग लिस्ट है। रेलवे इस स्थिति में क्लोन ट्रेनें चलाने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए जा सकते हैं। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार का कहना है कि रेलवे पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आवश्यकतानुसार ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।
इन ट्रेनों में है लंबी वेटिंग लिस्ट
ट्रेन नंबर ट्रेन का नाम
15653 अमरनाथ एक्सप्रेस
13151 कानपुर जम्मूतवी एक्सप्रेस
12355 अर्चना एक्सप्रेस
12331 हिमगिरि एक्सप्रेस
12491 मोर ध्वज एक्सप्रेस
15655 कामाख्या वैष्णो देवी एक्सप्रेस
22317 हमसफर एक्सप्रेस