कुंदरकी (मुरादाबाद)। मैनाठेर थाना क्षेत्र में नूरपुर बाईपास पर संचालित मेडीप्ल्स अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग टीम ने छापा मार दिया। इस दौरान टीम को स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही मिली। इसके बाद एसीएमओ की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल को सील कर संचालक समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
28 जनवरी को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने मैनाठेर थाना क्षेत्र में नूरपुर बाईपास के निकट मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर संचालित मेडीप्लस अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान एसीएमओ को अस्पताल में कोई चिकित्सक नहीं मिले थे, जबकि दो मरीज जिनका सीजर ऑपरेशन हुआ था, जोकि अस्पताल में भर्ती पाए गए। एसीएमओ के अनुसार मरीजों के इलाज में अस्पताल के संचालकों द्वारा लापरवाही बढ़ती जा रही है। साथ ही आम लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था। इसके बाद एसीएमओ ने संस्थान में मौके पर ही दवाइयों और उपकरणों को भी सील करवा दिया। साथ ही अस्पताल का पंजीकरण भी निरस्त कर दिया है। मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भेज दिए गए।
एसीएमओ अजय कुमार शर्मा ने मैनाठेर थाने में मेडीप्लस अस्पताल के संचालक संजय कुमार और ओमपाल यादव निवासी आवास विकास फेस-दो बुद्धि विहार मुरादाबाद, अखिलेश कुमार निवासी ग्राम छतरपुर थाना शाहबाद जिला रामपुर, डॉ. अहमद रजा निवासी ग्राम डोमघर थाना कुंदरकी और सद्दाम हुसैन निवासी ग्राम असदपुर थाना मैनाठेर जिला मुरादाबाद के खिलाफ इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट की धारा 15 टू और 13 थ्री और इंडियन पैनल कोड की धारा 420 की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। मैैनाठेर कोतवाल अमरनाथ वर्मा ने बताया कि मुकदमे की विवेचना शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।