मुरादाबाद। रेलवे में वरिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात हैमर थ्रो की खिलाड़ी सरिता सिंह ने एशियन गेम्स का टिकट कटा लिया है। उन्होंने कालीकट में चल रहे सीनियर नेशनल फेडरेशन कप में पदक जीतकर यह उपलब्ध हासिल की है। इसके साथ ही उन्हें कॉमनवेल्थ गेम्स में भी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। सरिता पहले भी कई प्रतियोगिताओं में मुरादाबाद रेल मंडल का नाम रोशन कर चुकी हैं।
सीनियर नेशनल फेडरेशन कप का आयोजन दो अप्रैल से छह अप्रैल तक हुआ। सरिता का कहना है कि एशियन गेम्स का मानक 63 मीटर और कॉमनवेल्थ गेम्स का मानक 64 मीटर है। उन्होंने 64.16 मीटर हैमर थ्रो करके दोनों स्पर्धाओं का टिकट पा लिया। साथ ही गोल्ड मेडल भी जीता है। सरिता ने बताया कि वह अक्तूबर 2021 से कोच शुभदीप मान के निर्देशन में राष्ट्रीय शिविर पटियाला में अभ्यास कर रही थीं। उनके पति रोमित सिंह भी रेल कर्मचारी और एथलीट हैं। हाल ही में रोमित ने भी ऑल इंडिया रेलवे चैंपियनशिप में परचम लहराया है। उन्होंने 35 किलोमीटर वॉक रेस में रजत और 20 किलोमीटर वॉक रेस में कांस्य पदक जीता है। इस उपलब्धि पर डीआरएम अजय नंदन ने उन्हें सम्मानित किया।