गोली लगने के बाद कॉसमॉस अस्पताल में उपचार के लिए सुमित वर्मा को भर्ती करते कर्मचारी। संवाद
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र के दलपतपुर कस्बे में गुरुवार देर शाम करीब सात बजे बदमाशों ने सराफ की दुकान पर धावा बोल दिया। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने सराफ और उसके भांजे को गोली मार दी। भांजे ने हिम्मत कर दुकान का शटर गिरा लिया और शोर मचाया दिया। इसी बीच आस पड़ोस के दुकानदार आ गए और उन्होंने एक बदमाश को दबोच लिया, जबकि दूसरा बदमाश फरार हो गया। पुलिस ने घायल मामा-भांजे को जिला अस्पताल भिजवा दिया, जहां से हालत गंभीर होने पर सराफ को रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मूंढापांडे थानाक्षेत्र के चमरौआ निवासी सुमित वर्मा की दलपतपुर में सिंडीकेट बैंक के नीचे अंडरग्राउंड मार्केट में वर्मा नाम से सोने चांदी के जेवर की दुकान है। बताया जा रहा है कि रोज की तरह सुमित और उनका भांजा लाइनपार निवासी आकाश वर्मा दुकान में बैठे थे। शाम करीब सात बजे दुकान पर एक बदमाश ग्राहक बनकर पहुंच गया। उसने सुमित से जेवर दिखाने के लिए कहा। मामा-भांजे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश ने सराफ सुमित पर तमंचा तान दिया और गोली मारने की धमकी देकर जेवर व नकदी निकालकर देने को कहा। एक बदमाश दुकान के बाहर हाथ में तमंचा लेकर खड़ा था। आकाश ने हिम्मत करके बदमाश का तमंचा पकड़ लिया। इसी बीच बदमाश ने गोली चला दी। जिसके छर्रे आकाश के हाथ में लगी और वह जख्मी हो गया। इसी बीच साथी को घिरा देख दुकान के बाहर खड़े बदमाश ने फायर कर दिया। जिसकी गोली सुमित के कंधे में लग गई। बताया जा रहा है कि बदमाश तमंचा दोबारा लोड करने लगा तो आकाश ने दुकान का शटर गिरा लिया और अंदर वाले बदमाश पर रॉड से हमला कर दिया, जबकि बाहर वाला बदमाश मौके से भाग निकला।
चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने शटर खोलकर बदमाश को पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई की। जिसमें बदमाश भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल मामा भांजे को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया, जहां से सुमित की हालत गंभीर होने पर उसे कॉसमॉस अस्पताल भिजवा दिया गया है। आकाश की हालत ठीक है। पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया ने बताया कि घायल सराफ को कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बदमाश को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती काराया गया है। बदमाश के साथी की तलाश की जा रही है।
गोली लगने के बाद कॉसमॉस अस्पताल में उपचार के बाद घायल आकाश। संवाद- फोटो : CITY
युवक को गोली मारने आए आरोपी के साथ घायल आरोपी। संवाद- फोटो : CITY