मुरादाबाद। नगर आयुक्त को भ्रमण के दौरान सड़कों पर जगह जगह कूड़ा और गंदगी मिली। लापरवाही प्रकाश में आने पर नगर आयुक्त ने एक सफाई नायक को निलंबित करने के साथ दो सफाई इंस्पेक्टरों को चेतावनी नोटिस जारी कर दिया। इस मामले में एक अस्थायी सफाई कर्मचारी को भी हटाया गया है।
नगर आयुक्त संजय चौहान ने अपर नगर आयुक्त अनिल सिंह के साथ शहर का भ्रमण किया। नगर आयुक्त बुद्धि विहार, रामलीला ग्राउंड, गांगन, मैनाठोर रोड, कोहिनूर तिराहा, संभल रोड, रोडवेज बस स्टेशन (पुराना) और नालों का जायजा लिया। संभल रोड पर गंदगी के साथ सड़क पर कूड़ा पसरा था। क्षेत्रीय लोगों की शिकायत के आधार पर नगर आयुक्त ने सफाई नायक फहीम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और सफाई इंस्पेक्टर सुधांशु कश्यप को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। दिल्ली रोड पर जलजमाव और गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने इंस्पेक्टर उमाकांत शर्मा की क्लास ली और उसे चेतावनी नोटिस जारी करने के बाद अस्थायी सफाई कर्मी जुबैर को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त की कार्रवाई से सफाईकर्मी सकते में आ गए हैं। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि नगर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए क्यूआरटी की नौ टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक जोन में एक एक टीम शिकायत मिलने पर तत्काल सीवर और सड़कों की सफाई करेगी। सफाई कार्यों में किसी कर्मचारी की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी।