मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में डबल फाटक फ्लाईओवर के ढलान पर कटघर थाने के नजदीक बुधवार रात पौने बारह बजे अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इस हादसे में यूपी रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में तैनात सचिन कुमार (35) और उसके साथी रजत उर्फ अविनाश सिंह(28) की मौत हो गई। सचिन कार्यालय सहायक के पद पर तैनात थे, जबकि रजत उर्फ अविनाश अपने पिता लाल बहादुर के हादसे में दिव्यांग होने के बाद उनकी एवज में बतौर कंप्यूटर ऑपरेटर ड्यूटी कर रहे थे। पुलिस ने पीएम कराने के बाद शवों को परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया है। उधर, हादसा करने वाले वाहन की तलाश में पुलिस ने दुर्घटनास्थल के आस पास की दुकानों व होटलों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली लेकिन वाहन का पता नहीं चल सका।
कटघर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार रात डबल फाटक फ्लाई ओवर के पास किसी वाहन ने एक स्कूटी में टक्कर मार दी थी। इसमें स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को पुलिस ने तुरंत ही जिला अस्पताल भिजवा दिया था। जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की जेब से मिले आधार कार्ड व मोबाइल के जरिये उनकी पहचान सचिन कुमार निवासी खुशहालपुर बैंक कालोनी थाना मझोला रूप में हुई। जबकि दूसरे मृतक की शिनाख्त रजत उर्फ अविनाश सिंह निवासी रुद्रपुर इंदिरा कालोनी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों के शव मोर्चरी में रखवा दिए थे। मोर्चरी पहुंचे सचिन के ससुर राजवीर सिंह निवासी गौतम नगर पीएसी ने बताया कि सचिन मूलरूप से शामली के आर्य नगर निवासी थे। अब वर्तमान में खुशहालपुर बैंक कालोनी में रह रहे थे। सचिन के परिवार में पत्नी अतिथि उर्फ पूनम , तीन बेटियां छह वर्षीय पूर्वी, चार वर्षीय साची और एक वर्षीय रूही हैं। जबकि मां मोहिनी देवी हैं।
रजत उर्फ अविनाश सिंह का परिवार रुद्रपुर के इंदिरा कालोनी में रहता है। इनके परिवार में मां उर्मिला, बहन जूही सिंह और नेहा व भाई लकी उर्फ अभिषेक है। रजत भी यहां सचिन के मकान में ही किराये पर रहता था। वह अपने पिता लाल बहादुर के बदले में आरएम कार्यालय में कंप्यूटर आपरेटर की ड्यूटी करता था। आरएम कार्यालय में तैनात जगदीश सिंह का कहना है कि सचिन और रजत बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे दफ्तर से अपने किसी मित्र के यहां पार्टी में जाने की बात कहकर निकल गए थे। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। आस पड़ोस की दुकानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। वाहन का कुछ पता नहीं चल पाया है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
सचिन कुमार कार्यालय सहायक के पद पर तैनात थे, जबकि रजत उर्फ अविनाशसिंह सिंह अपने के बदले में ड्यूटी करते थे। दोनों बुधवार शाम साढ़े छह बजे दफ्तर से चले गए थे - अतुल जैन क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज परिक्षेत्र मुरादाबाद