ठाकुरद्वारा। नगर के वार्ड 24 में छिद्धू चौराहे से होकर अंदर रास्ता जाता है। चौराहे पर काफी समय से दो खंभे लगातार झुकते जा रहे हैं। इससे वहां कभी भी कोई गंभीर हादसा हो सकता है। वार्ड के नागरिक क्षतिग्रस्त सड़कों, पानी की लीकेज पाइप लाइन, साफ-सफाई और जलभराव को लेकर परेशान रहते हैं। विद्युत आपूर्ति भी सुचारु न होने की नागरिकों की शिकायत है।
वार्ड निवासी फरमान का कहना है कि यहां पर सफाई ठीक से नहीं होती है सड़कों पर कूड़ा पड़ा रहता है। स्ट्रीट लाइट भी खराब रहती है। पानी की नई पाइप लाइन जगह-जगह लीकेज है।
वार्ड निवासी शाहनवाज का कहना है कि वार्ड की ज्यादातर सड़कें खराब हैं। नई पाइप लाइन डालने के बाद खोदी गई सड़कों की मरम्मत ठीक से नहीं की गई है और ऊबड़-खाबड़ हो गई है। इससे सड़क पर चलने में परेशानी होती है। विद्युत आपूर्ति के दौरान बार-बार ट्रिपिंग से भी परेशानी होती है।
वार्ड निवासी डॉ सईद सिद्दीकी का कहना है कि वार्ड के तिराहे पर कुछ लोगों ने नाले-नालियों पर स्लैब डालकर उन्हें बंद कर रखा है। उनकी साफ-सफाई नहीं हो पाती है। वहां बनी दोनों पुलियों में पानी की निकासी रहती है जिससे बारिश में यहां पर जलभराव हो जाता है। घरों में नई पाइप लाइन से पहले कनेक्शन न देने के कारण इसे फिर से कनेक्शन देने के लिए खोदा जा रहा है इससे सड़क की स्थिति और खराब हो रही है।
वार्ड निवासी नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष हाजी लियाकत हुसैन अंसारी का कहना है कि वार्ड में साफ-सफाई और अन्य सभी सुविधाएं ठीक हैं। उनका कहना है कि उन्होंने दो महीने पहले सलीम से असलम के घर तक और अतिक्रमण के घर से मंजूर अहमद के घर तक क्षतिग्रस्त सड़क की निर्माण की मांग नगर पालिका कर्मचारी और अध्यक्ष से की थी लेकिन अभी तक उनका निर्माण नहीं होगा है।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार खरवार का कहना है कि सभी वार्डों का सर्वे किया जा रहा है जो भी समस्याएं प्रकाश में आ रही है उनका निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है।
विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी रंजीत सिंह ने बताया कि छिद्धू चौराहे के पास झुके खंभों को ठीक करने का एस्टीमेट अधिशासी अभियंता को भेजा जा चुका है वहां से स्वीकृति मिलने के बाद ही उसे पर कार्य हो सकेगा।
फोटो 1 से 6
स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दो जोन में करने की मांग
ठाकुरद्वारा। नगर के वार्ड नौ की सभासद रूपाली बिंदल ने नगर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दो जोन में करने की मांग की है। सभासद ने इस बारे में शुक्रवार को नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को अपनी मांग का ज्ञापन दिया। इसमें उन्होंने कहा है कि इस समय स्ट्रीट लाइट को सुचारू ढंग से करने की कोई सही व्यवस्था नगर पालिका परिषद में नहीं है। उनका कहना है कि स्ट्रीट लाइट से संबंधित सभी कर्मचारी एक साथ ही कोई समस्या आने पर उसे दूर करने में लगे रहते हैं। उनका कहना है कि नगर में 25 वार्ड हैं। इसलिए पूरे नगर को दो जोन में बांटा जाए और उसके लिए कर्मचारियों की दो टीमें बनाई जाए ताकि स्ट्रीट लाइट संबंधी समस्याओं का समय से निस्तारण हो सके।