ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। शादी से पहले प्रेमिका के साथ दूल्हा के गायब होने का मामला शुक्रवार को हुई पंचायत में निपट गया है। लड़के पक्ष के लोग लड़की पक्ष को उनके खर्च की धनराशि और दिया गया सामान वापस करेंगे।
गांव कालाझंडा निवासी एक व्यक्ति ने बृहस्पतिवार को पुलिस से शिकायत कर कहा था कि उसकी बेटी की शादी उत्तराखंड के काशीपुर थाना आईटीआई के गांव बरखेड़ा निवासी युवक के साथ तय हुई थी। 26 जुलाई को बरात आनी थी लेकिन इससे पहले ही दूल्हा अपनी प्रेमिका के साथ गायब हो गया। इसे लेकर हुई पंचायत में 26 जुलाई को बरात लाने का आश्वासन दिया गया था लेकिन उन्होंने बाद में शादी करने से मना कर दिया। स्कॉर्पियो और नकद धनराशि की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों को शुक्रवार को कोतवाली में बुलाया। दोनों पक्षों की नगर में एक स्थान पर पंचायत हुई। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने शाम को बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। लड़के पक्ष के लोग लड़की पक्ष को उनके खर्च की धनराशि और सामान वापस करेंगे।