मुरादाबाद। एमडीए बोर्ड की बैठक में मंगलवार को सोनकपुर पुल के पास सहयाद्री योजना के तहत भूखंडों की बिक्री के लिए रेट निर्धारित कर दिए गए। रेरा से संस्तुति मिलने के बाद मार्च तक लाॅटरी के माध्यम से भूखंडों और आवासों की बिक्री की जाएगी। आवासीय प्लाॅट के लिए 36000 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर तय की गई है।
मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में एमडीए कार्यालय में 139वीं बोर्ड बैठक हुई। बोर्ड के सदस्यों ने सहयाद्री योजना के बारे में चर्चा के बाद विक्रय दरों को मंजूरी दी। आवासीय भूखंड से दोगुनी कीमत पर व्यावसायिक भूखंड मिलेंगे। व्यावसायिक भूखंड की कीमत 72000 रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई है। योजना पर 676.00 करोड़ का व्यय होगा। एमडीए उपाध्यक्ष शैलेष कुमार ने बताया कि एक सप्ताह के बाद तय की गई दरों की फाइल रेरा में संस्तुति के लिए लखनऊ भेजी जाएगी। इस प्रक्रिया के बाद 15 मार्च तक लाॅटरी के माध्यम से प्रथम चरण के तहत 200 फ्लैट की बिक्री होगी। सोनकपुर में 434 फ्लैट हैं। इसके साथ ही भूखंडों की बिक्री भी शुरू होगी।
शर्त के अनुसार भूखंड लेने वाले आवंटियों को पांच साल में मकानों का निर्माण करना होगा। यहां सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी का भी निर्माण कराया जाएगा।
बोर्ड ने नया मुरादाबाद में भारत दर्शन पार्क के लिए 7.75 करोड़ रुपये भी स्वीकृत किए हैं। इस पर एक सप्ताह में काम शुरू होगा। हर्बल पार्क को मल्टी एक्टिविटी जोन के रूप में विकसित किए जाने का भी निर्णय लिया गया। अवस्थापना निधि के माध्यम से आशियाना स्थित आंबेडकर पार्क में साढ़े तीन करोड़ की लागत से डबल स्टोरी लाइब्रेरी का निर्माण होगा। इसमें प्रथम तल पर दिव्यांगों और ऊपरी तल पर बच्चों और अन्य लोगों के लिए किताबें होंगी।
लाइब्रेरी में लगभग 15000 पुस्तकों की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही लेक्चर हॉल और किड्स गेमिंग जोन का भी निर्माण होगा।