कुंदरकी में एक मकान पर लिखी मकान बेचने की सूचना
- फोटो : BILARI
कुंदरकी(मुरादाबाद)। मंगलवार देर शाम में कुंदरकी में रावण दहन स्थल और दशहरा मेला ग्राउंड की विवादित भूमि पर हुई आगजनी, तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने भाजपा के कुंदरकी मंडल अध्यक्ष रमन भूषण और श्रीराम लीला कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण भूषण समेत 14 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के आला अधिकारियों ने भी प्रकरण को संज्ञान लेकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
वहीं दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने पुलिस प्रशासन पर उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाते हुए अपने मकान बेचकर पलायन करने का निर्णय लिया है। मकान बेचने के संबंध में लोगों ने अपने मकानों की दीवारों पर यह सूचना लिखी है कि पुलिस प्रशासन के उत्पीड़न के चलते अपने मकान बेच रहे हैं।
भाजपा के कुंदरकी मंडल अध्यक्ष एवं श्रीराम लीला कमेटी के उपाध्यक्ष रमन भूषण का आरोप है कि भाजपा सरकार में रामलीला मेला ग्राउंड में हो रहे अवैध कब्जा रोकने में विफल प्रशासन ने उन पर और अन्य लोगों पर झूठा मुकदमा कायम किया है। इस वजह से हिंदू समाज के लोग पुलिस प्रशासन के उत्पीड़न की वजह से पलायन करने मजबूर हो रहे हैं। अगर प्रशासन ने उनको न्याय नहीं दिलया तो सामूहिक रूप से पलायन किया जाएगा।
कुंदरकी नगर के मोहल्ला कायस्थान निवासी शिवा बल भटनागर पुत्र दिनेश बल भटनागर ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसके पूर्वजों की जमीन जोकि चौधरी पट्टी कस्बा कुंदरकी में स्थित है। बीती 21 दिसंबर को शाम छह बजे वह अपने मित्र अजीत अग्रवाल निवासी मोहल्ला शिवपुरी थाना कटघर मुरादाबाद और मोहम्मद अफजाल निवासी ग्राम सैफपुर चित्तू थाना कुंदरकी के साथ वहां पर बैठे हुए थे। तभी रमन भूषण और प्रवीन भूषण निवासी मेन बाजार, बहोरन सिंह, अरुण अग्रवाल, राम सिंह आर्य, शिशुपाल, अनुज शर्मा और सेवाराम निवासी ग्राम नूरूल्ला कस्बा कुंदरकी के अलावा पांच छह अज्ञात लोग अपने हाथों में डंडे और तबल लेकर आ गए और गाली गलौज करते हुए जान से मारने की नियत से मारपीट करने लगे।
आरोप है कि जब वह शोर मचाते हुए भागे तो इन लोगों ने घेर कर अजीत अग्रवाल को पकड़ लिया और काफी मारपीट की। इससे उनको काफी चोटें आईं हैं। मारपीट के दौरान अजीत का दांत भी टूट गया है। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग आए तभी यह लोग उसकी जमीन की बाउंड्री, गेट, सीसीटीवी, लीड को तोड़फोड़ कर आग लगाते हुए जलाकर क्षतिग्रस्त कर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने घायल अजीत को मेडिकल परीक्षण कराया है। थानाध्यक्ष सतराज सिंह का कहना है कि मुकदमे की विवेचना की जा रही है और उचित कानूनी कार्रवाई जाएगी।