जिले के लिए राहत भरी खबर है कि संक्रमण की चेन नहीं बनी। 23 दिसंबर को संक्रमित मिले दो मरीजों के संपर्क में रहने वालों की कोविड की रिपोर्ट निगेटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीम ने 36 लोगों की जांच कराई थी। वहीं, दोनों की जीनोम सीक्वेंसिंग की रिपोर्ट मंगलवार तक आने की उम्मीद है।
61 दिन बाद 23 दिसंबर को जिले में निजी लैब की जांच में दो कोरोना पॉजिटिव केस मिले। इसमें सिविल लाइंस निवासी 30 वर्षीय युवक और महिला डॉक्टर शामिल रहीं। युवक निजी लैब में जांच कराने के बाद दिल्ली चला गया। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर वहीं होम आइसोलेट है, जबकि महिला डॉक्टर मुरादाबाद में होम आइसोलेट हैं। नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का पता लगाने के लिए शुक्रवार को दोनों का सैंपल जांच के लिए एनसीडीसी दिल्ली भेजा गया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीम ने दोनों के संपर्क में 36 लोेगों का सैंपल लिया था। शनिवार देर रात आई रिपोर्ट राहत भरी रही। सभी 36 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव रही। अब विभाग की नजर जीनोम सीक्वेंसिंग की रिपोर्ट पर है, जिसके मंगलवार तक आने की उम्मीद है।
- कोरोना पॉजिटिव दोनों मरीजों के संपर्क वालों की कोविड जांच कराई गई थी, सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। संक्रमितों की जीनोम सीक्वेंसिंग की रिपोर्ट आनी बाकी है। - डॉ. एमसी गर्ग, सीएमओ