ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आज होने वाली जनसभा के लिए सभी तैयारी पूरी हो गई हैं। पूरे गांव को चकाचक करा दिया गया है। 30 लोगों के मंच पर बैठने की व्यवस्था है। इनमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित संगठन और जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता बैठेंगे। एक हजार कुर्सियां डलवाई गई हैं जिन पर सरकारी योजनाओं के लाभार्थी और कुछ वरिष्ठ नेता ही बैठेंगे। बाकी लोग जमीन पर दरें पर ही बैठेंगे। जनसभा स्थल तक कई मार्गों को बैरियर लगाकर बंद कर दिया जाएगा।
सोमवार को डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसएसपी बबलू कुमार ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिनस्थों को जिम्मेेदारी दी। उन्होंने बताया कि ठाकुरद्वारा एवं शरीफ नगर की तरफ से जाने वाले वाहनों को रतुपुरा से पहले ही बैरियर लगाकर रोका जाएगा। करनपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को रानीनांगल त्रिवेणी चीनी मिल पर बैरियर लगाकर रोक दिया जाएगा। अफसरों एवं वीआईपी के वाहनों को जनसभा स्थल के पास बनी पार्किंग के पास तक जाने की अनुमति होगी। मुख्यमंत्री की जनसभा के चलते मंगलवार को बसें जनसभा में आने की वजह से ठाकुरद्वारा, स्योहारा, भूतपुरी, जसपुर, कमालपुरी, मुरादाबाद आदि नगरों एवं शहरों के लिए बसों का संचालन नहीं हो सकेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा रतूपुरा स्थित सुखदेई स्मारक डिग्री कॉलेज में होगी। कॉलेज के पीछे इंटरलॉक टाइल्स बिछाकर हैलीपैड का निर्माण किया गया है। कॉलेज परिसर को समतल कर लोगों के बैठने के लिए व्यवस्था की गई है।
30 वरिष्ठ नेेताओं के बैठने के लिए मंच तैयार हुआ है। संभावना है कि इस पर भाजपा प्रदेेश अध्यक्ष, प्रभारी मंत्री, पूर्व सांसद सर्वेश सिंह, पार्टी के वरिष्ठ संगठन पदाधिकारी और स्थानीय विधायक और जिला स्तर के पदाधिकारियों को स्थान मिलेगा। लोकनिर्माण विभाग की देेखरेख में हेलीपेड, मंच और पंडाल की व्यवस्था की गई। मंच के सामने केवल एक हजार कुर्सियां डलवाई गई हैं जिन पर कुछ वरिष्ठ पदाधिकारी और सरकारी योजनाओं के लाभार्थी बैठेंगे। बाकी लोगों के बैठने के लिए जमीन पर दरे डलवाए गए हैं। पंडाल में पंखे आदि की व्यवस्था भी है। मुख्यमंत्री कुछ लाभार्थी परक योजनाओं के चयनित लाभार्थियों को एक एक खुद मंच पर लाभांवित करेंगे।
इन सात परियोजनाओं का होगा लोकापर्ण
- जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट यूनिट
- जिला महिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट यूनिट
- तहसील ठाकुरद्वारा में अनावासीय मुख्य भवन बैरक, हवालात और ओएचटी का निर्माण
- डिलारी के मलकपुर समेली में कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास
- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शरीफनगर में ऑक्सीजन प्लांट और पाइपलाइन निर्माण
- सीएचसी डिलारी में ऑक्सीजन प्लांट और पाइपलाइन निर्माण
- सहसपुरी में संपर्क मार्ग