कुंदरकी। शादी से पहले मंगेतर ने अपनी होने वाली पत्नी के संग शारीरिक संबंध बनाए, तैयारियां पूरी होने के बाद मंगेतर ने शादी करने से इंकार कर दिया। समझाने के बाद मंगेतर के राजी नहीं होने पर पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने सात लोगों के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने एसएसपी मुरादाबाद को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी बिलारी थाना क्षेत्र के एक युवक से तय हुई थी। मंगेतर का घर उसकी बड़ी बहन के घर के समीप है। दोनों की सहमति से शादी के लिए 21 अप्रैल की तिथि तय की गई थी। आरोप है कि युवती के पिता ने मंगेतर को दो लाख रुपये नगद दिए। बाद में कार खरीदने के लिए पांच लाख रुपये की नगदी भी दी, दो लाख रुपये आभूषण और दो लाख रुपये फर्नीचर खरीदने के लिए दिए थे। जबकि एक लाख रुपये का बैंकट हॉल बुक कराया था। शादी की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। इस बीच दो अप्रैल को जब पीड़िता किसी काम से अपनी बड़ी बहन के घर गई तो पड़ोस में रहने वाले मंगेतर को इसकी भनक लग गई। उसने जरूरी बात करने का झांसा देकर युवती को छत पर बुलाया। इस दौरान उसने शादी का सब्जबाग दिखाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। शादी की तैयारियां पूरी होने के बाद मंगेतर सात फेरे लेने से इनकार कर दिया।