मुरादाबाद। छजलैट थानाक्षेत्र में रहने वाली युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी युवक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा है और उसने शादी से भी साफ इनकार कर दिया है। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थनापत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़ित किशोरी सोमवार दोपहर अपने पिता के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची। उसने यहां प्रार्थनापत्र देकर बताया कि वह चार साल पहले अपनी बड़ी बहन की ससुराल मैनाठेर के गांव गई थी। आरोप है कि यहां रहने वाले एक युवक ने युवती को शादी का झांसा देकर अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मोबाइल से वीडियो बना लिया। आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़ित को ब्लैकमेल कर रहा है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया है। 23 अक्तूबर को पीड़ित युवती के परिजन आरोपी के घर पहुंचे और उन्होंने शिकायत की। आरोप है कि आरोपी के परिजनों ने भी पीड़ित के मां-बाप के साथ गाली-गलौच की। एसएसपी बबलू कुमार ने छजलैट पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।