सिरसवां दोराहा/ठाकुरद्वारा। राणा चीनी मिल बेलवाड़ा में तैनात बिलिंग क्लर्क ने अपने ही मिल के अधिकारियों पर अपहरण कर बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
भोजपुर थाने में तीन अधिकारियों के खिलाफ मारपीट के आरोप में केस दर्ज किया गया है। इनमें से मिल के एजीएम एचआर मुकेश काैशिक, डीजीएम एचआर बालेंद्र चाैधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया है।
बुलंदशहर के थाना पहासू के गांव सोही निवासी जतिन कुमार ने बताया कि वह चीनी मिल में वेयर हाउस बिलिंग क्लर्क के रूप में तैनात है। जतिन ने बताया कि मिल के एजीएम एचआर मुकेश काैशिक, डीजीएम एचआर बालेंद्र चाैधरी, सिक्योरिटी इंचार्ज हरजीत सिंह व एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर मक्का की गाड़ी का गबन करने का आरोप लगाकर प्रताड़ित किया।
यही नहीं आरोप है कि यह लोग बुधवार रात उसका अपहरण करके बिलारी शुगर मिल ले गए। जहां उसे एक कमरे में बंधक बनाकर मारपीट की गई। धमकी दी गई कि मक्का गबन की गई मक्का का रुपया वापस नहीं देने पर अंजाम ठीक नहीं होगा।
जतिन कुमार ने बताया कि उसको मुश्किल से छोड़ा गया। इसके बाद उसने अपने मामा दलवीर निवासी ग्राम मोहरेना, थाना गबाना, अलीगढ़ और परिजनों को घटना की सूचना दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी शरद मलिक ने बताया कि क्लर्क की तहरीर पर चीनी मिल के अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
फिलहाल आरोपी एजीएम एचआर मुकेश काैशिक, डीजीएम एचआर बालेंद्र चाैधरी को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। उधर, सीओ ठाकुरद्वारा ने बताया कि क्लर्क पर मक्का के गबन का आरोप है, इसीलिए उसने अधिकारियों पर बंधक बनाकर मारपीट का आरोप लगाया है, जिसकी जांच कराई जा रही है।