मुरादाबाद। पूरे दिन रुक-रुककर हुई बारिश ने स्मार्ट सिटी के दावों की पोल खोल दी। कुछ घंटों की बारिश में ही शहर की प्रमुख सड़कों और कई रिहायशी इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। सबसे ज्यादा परेशानी दौलतबाग, बंगला गांव, कंपनी बाग, बुध बाजार, लाइनपार के सूर्यनगर, रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में देखने को मिली। दौलतबाग बिजलीघर परिसर में भी पानी भर गया।
नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था के दावों के बावजूद जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को घंटों परेशान होना पड़ा। सड़कें तालाब बन गईं, वाहन रेंगते नजर आए और पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई बारिश शाम छह बजे तक रुक-रुककर जारी रही। कई स्थानों पर पानी देर शाम तक सड़कों पर जमा रहा, जिससे दोपहिया वाहन फिसलते रहे और लोगों को लंबा चक्कर लगाकर घर पहुंचना पड़ा। लाइनपार मंडी समिति में बारिश का असर कारोबार पर भी पड़ा। जलभराव के कारण आढ़तियों, सब्जी और फल विक्रेताओं को भारी दिक्कत उठानी पड़ी। ग्राहक कम पहुंचने से बिक्री प्रभावित रही। बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम रही। कई जगह दुकानों के सामने पानी भरने से व्यापारियों को सामान सुरक्षित करने में मशक्कत करनी पड़ी। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि निगम की टीम ने कई स्थानों पर जलभराव की समस्या का समाधान किया है। जहां से शिकायत मिलती है, टीम वहां जाकर कार्य करती है।