मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर चार जुलाई से यात्रियों को 20 रुपये का खाना (इकोनॉमी मील) मिलेगा। यह सुविधा विशेषकर ट्रेनों के अनारक्षित कोच में सफर करने वाले यात्रियों के लिए हैं। इसलिए जनरल बोगियों के सामने ट्रॉली स्टॉल लगाकर खाने की बिक्री की जाएगी।
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर कैंटीन संचालक बृहस्पतिवार से दो ट्रॉली शुरू करने का दावा कर रहे हैं। इसके बाद और दो ट्रॉली बहुत जल्द शुरू की जाएंगी। स्टाफ के मेडिकल कार्ड पर रेलवे के अधिकारियों के हस्ताक्षर हो चुके हैं।
सस्ते खाने के अलावा यात्रियों को कैंटीन में 50 रुपये में छोले भटूरे, पनीर पराठा, 70 रुपये की थाली की सुविधा भी जारी रहेगी। इसके अलावा अंडा करी व अन्य व्यंजनों का आनंद भी उठा सकेंगे।
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर सस्ते खाने की दो ट्रॉली चार जुलाई से चलाने जा रहे हैं। रेलवे अधिकारियों की ओर से अनुमति मिल गई है। इसके बाद जल्द ही दो ट्रॉली और शुरू की जाएंगी। जनरल कोच के यात्रियों को 20 रुपये में पूड़ी-सब्जी व आचार उपलब्ध कराया जाएगा। - नितेश टंडन, संचालक दून कैटर्स
इकोनॉमी मील के स्टॉल शुरू करने के लिए वेंडिंग स्टाफ के मेडिकल कार्ड नहीं थे। अब यह प्रकिया पूरी होने वाली है। जल्द ही यात्री रेलवे स्टेशन पर सस्ते भोजन का लाभ ले सकेंगे। - आदित्य गुप्ता, सीनियर डीसीएम