मुरादाबाद। आगरा कैंट स्टेशन पर एक स्टेशन मास्टर के साथ हुई घटना के विरोध में बृहस्पतिवार शाम मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर अखिल भारतीय स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन के आह्वान पर कैंडल मार्च निकाला गया। इसमें विभिन्न रेलवे कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भाग लिया। विरोध प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित रहा।
शाम सात बजे आयोजित कैंडल मार्च के दौरान कर्मचारियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए स्टेशन मास्टरों और अन्य रेल कर्मचारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रेलवे में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य वातावरण मिलना चाहिए और उनके सम्मान से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। संगठन के सचिव कुंवर नौटियाल ने कहा कि आगरा कैंट की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त और विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की। साथ ही उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर कर्मचारियों की सुरक्षा और गरिमा की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाएगा। संगठन को इस कैंडल मार्च में उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन का भी सहयोग मिला। उरमू के पदाधिकारी विरोध में शामिल हुए। कुंवर नौटियाल, महेंद्र सिंह, जय कुमार आदि ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि कर्मचारी सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे को प्रमुखता से उठाना है। रेलवे कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होती है तो संगठन आगे की रणनीति पर विचार करेगा।