मुरादाबाद। छजलैट थानाक्षेत्र से अगवा की गई किशोरी को पुलिस बरामद नहीं कर पाई तो परिजनों को सब्र जवाब दे गया। मंगलवार को परिवार की महिलाएं और पुरुषों ने एसएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और एसओ छजलैट को बर्खास्त कराने की मांग की।
छजलैट थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण की 17 वर्षीय बेटी 23 मार्च को अगवा कर ली गई थी। इस संबंध में छजलैट थाने में एक युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि किशोरी अपने साथ घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी भी लेकर गई। मां बाप और चाचा चाची का आरोप है कि पुलिस बेटी को अब तक बरामद नहीं कर पाई है। जबकि आरोपी और उसके परिवार के लोग केस वापस के लिए धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छजलैट थाना प्रभारी और अन्य पुलिस कर्मी आरोपियों से मिले हैं। इसी कारण किशोरी को बरामद नहीं किया जा रहा है।
मंगलवार को महिलाएं और पुरुष आंबेडकर पार्क पहुंच गए। यहां से महिलाएं अपने हाथों में छजलैट एसओ को बर्खास्त करो और किशोरी को बरामद करो के बैनर व पोस्टर लेकर एसएसपी कार्यालय की ओर बढ़ीं। इसी दौरान एसओ छजलैट राम प्रताप पहुंच गए। उन्होंने महिलाओं और पुरुषों को मनाने की कोशिश की और आश्वासन दिया कि तीन दिन में किशोरी बरामद कर ली जाएगी। इसके बाद महिलाएं एसएसपी कार्यालय पहुंच गई और एसओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिवार के लोगों ने धमकी दी कि अगर तीन दिन में उनकी बेटी बरामद नहीं की गई तो वह एसएसपी कार्यालय के बाहर आत्मदाह कर लेंगे।
एसओ छजलैट राम प्रताप का कहना है कि इस संबंध में केस दर्ज है। किशोरी की बरामद के प्रयास किए जा रहे हैं। परिवार की कुछ महिलाओं ने हंगामा किया था। उन्हें समझाकर शांत करा दिया गया है।