बिलारी। ब्लॉक के बगपुरा और अहरोला गांव में जल्दी ही नई किसान सेवा सहकारी समिति का संचालन शुरू होगा। इसी ब्लॉक की थांवला सहकारी समिति के कुछ गांव दोनों नई प्रस्तावित समितियों में शामिल कर प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है।
सहकारिता विभाग की नई कार्ययोजना के तहत अब तक थांवला सहकारी समिति में शामिल रहे बगपुरा और अहरोला गांव के नाम से नई सहकारी समितियों बनाना तय किया गया है। बगपुरा के नाम से जो नई सहकारी समिति बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है उस समिति में बगपुरा के अलावा शाहपुर, मिलक, नगला नस्सू, नरुखेड़ा, सफीलपुर और आरीखेड़ा गांव शामिल रहेंगे। अहरोला के नाम से जो नई सहकारी समिति बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है उस समिति में अहरोला के अलावा मल्लपुर सिधारी, सिहारी माला, बीरमपुर, शेरपुर माधो घनियाखेड़ा और अहलादपुर खेम रायपुर गांव शामिल होंगे। नए प्रस्ताव के बाद अब थांवला समिति में थांवला के अलावा मोहम्मद इब्राहीमपुर, नसीरपुर धन्ना, बनियाठेर, नरसरा, चौधरपुर और अलारामपुर आदि गांव शामिल रहेंगे।
थांवला सहकारी समिति के पूर्व सभापति शीशराम यादव ने बताया कि बगपुरा के नाम से जो नई सहकारी समिति बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है उसमें उन्हें मुख्य प्रवर्तक की जिम्मेदारी दी गई है जबकि सभापति के लिए उनके गांव निवासी राजवीर सिंह का नाम प्रस्तावित किया गया है। थांवला सहकारी समिति के पूर्व सभापति रामअवतार सिंह ने बताया कि केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय का जोर नई सहकारी समितियां बनाने पर है।
बिलारी के एडीओ सहकारिता ने बताया कि प्रस्ताव बनाकर भेजा है। स्वीकृति मिलने के बाद नई सहकारी समितियों का संचालन होगा। संवाद