फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: काम अधूरे, कैसे हों घर-घर साफ पानी के अरमान पूरे

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। जल जीवन मिशन से जुड़े काम ही नहीं, दावे भी अधूरे हैं। मिशन की शुरुआत के साथ दावा किया गया था कि ग्रामीण क्षेत्र में भी जल्द घर-घर साफ पानी पहुंचेगा। हर घर में नल और जल का सपना पूरा होगा। बदलती तारीखों और मौसम के बीच गर्मी की एक और लहर आ गई। मुरादाबाद जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में मिशन के काम अधूरे हैं। नतीजे में घरों तक साफ पानी की धार के दावे भी पूरे नहीं हो सके। संवाद
विज्ञापन

00



नलकूप बनाकर भुला दी जलापूर्ति की जिम्मेदारी

ठाकुरद्वारा। ग्राम पंचायत रामनगर खागूबाला और इसके मजरा नंगलिया में जल जीवन मिशन का काम एक साल से बंद पड़ा है। गर्मी का दबाव बढ़ने पर भी ग्रामीणों की पेयजलापूर्ति के लिए के मामले में ध्यान नहीं दिया जा रहा।

ग्रामीणों ने बताया कि फरवरी 2023 में काम शुरू हुआ था। रामनगर खागूबाला में पाइप लाइन डाल दी गई। गांव में 1134 घरों में कनेक्शन भी दिए लेकिन टैंक और सप्लाई के काम पर ध्यान नहीं दिया। सिर्फ नलकूप ही बनाया गया। नलकूप से ही सीधे पाइप लाइनों के जरिए पानी देने के दावे भी अधूरे रह गए। मजरा नंगलिया में अभी पाइप लाइन भी नहीं डाली गई है।
विज्ञापन


रामनगर खागूबाला निवासी धर्मदत्त शर्मा एडवोकेट ने कहा कि अभी तक घरों में पानी नहीं आया है। रूपचंद ने बताया कि कनेक्शन के लिए पाइप घर तक पहुंचा लेकिन एक बूंद भी पानी नहीं आया। ग्राम प्रधान फिरोजा खातून और उनके पति साजिद अहमद का कहना है कि करीब एक वर्ष से जल जीवन मिशन का काम बंद है। बड़ी ग्राम पंचायत के इस क्षेत्र में आधे घरों में भी कनेक्शन नहीं हुए हैं। मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी इसकी शिकायत की है। एडीओ पंचायत योगेंद्र सिंह ने कहा कि ब्लॉक क्षेत्र की दो ग्राम पंचायत में ही मिशन के काम हैंडओवर किए गए हैं। संवाद

00

नहीं ले रहे अधूरे ओवरहेड टैंक की सुध

बिलारी। बिचौला गांव में बना ओवरहेड टैंक अधूरा है। एक साल से रुके हुए काम की सुध नहीं ली जा रही है। इससे ग्रामीण भीषण गर्मी में साफ पानी के लिए निजी नलकूपों तक दौड़ लगाने को मजबूर होते हैं।

गांव में रहने वाली केला देवी और अशोक रानी ने कहा कि ओवरहेड टैंक पूरा हो तो पानी की सप्लाई मिले। जयपाल और अल्तमश ने बताया कि सालभर से ओवरहेड टैंक अधूरा होने की बात ब्लॉक और तहसील के अधिकारियों को बता चुके हैं। मांग करने के बाद भी निर्माण पूरा नहीं हो सका। बिचौला के प्रधान हाजी माजिद अंसारी ने अधूरा काम पूरा कराने के लिए विभागीय अधिकारियों से लगातार पत्राचार किया जा रहा है। संवाद

00

अचानक रोक दिया मिशन का काम

कुंदरकी। ग्राम पंचायत डोमघर और मजरा हाशा नगला में जल जीवन मिशन के काम ने तीन साल पहले जोर पकड़ा था लेकिन बाद में अचानक काम रोक दिया। नलकूप, पाइप लाइन आदि का काम होने के बाद भी साफ पानी नहीं मिल पा रहा।

ग्रामीण मोहम्मद खालिद ने कहा कि दो साल पहले नलकूप ही बना लेकिन ओवरहेड टैंक का निर्माण शुरू नहीं किया गया। ज्ञापन देने पर भी सुधार नहीं हुआ। अनिल कुमार का कहना है कि डोमघर की कुछ आबादी में तो पाइप लाइन बिछाने का काम भी नहीं हुआ है। डोमघर निवासी आलमगीर, जितेंद्र ने अफसरों से ध्यान देकर जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की है। संवाद

00

डेढ़ साल से बंद है ओवरहेड टैंक का काम

कांठ। छजलैट ब्लॉक के गांव पहाड़मऊ और किशनपुर के ग्रामीणों की साफ पानी की हसरत इस गर्मी में भी पूरी नहीं हो रही। पहाड़मऊ में जल जीवन मिशन से वर्ष 2023 में 177.83 लाख की लागत से कार्य शरू हुआ था। पाइप लाइन बिछाई गई, नलकूप का काम किया गया लेकिन ओवरहेड टैंक अधूरा छोड़ दिया। डेढ़ साल से काम बंद है। गांव निवासी अरविंद सिंह ने कहा कि पाइप लाइन, घरों तक टोंटी के बाद ओवरहेड टैंक का कार्य बीच में छोड़ दिया। कृपाल सिंह ने कहा कि इन स्थितियों के कारण गर्मी में साफ पानी का सपना पूरा नहीं हो रहा।

गांव किशनपुर के बाशिंदों ने भी ओवरहेड टैंक का काम पूरा न होने की समस्या बताई। ग्रामीण मनफूल, मुनिराज, पप्पू, राजीव कुमार, परवीन सिंह और सूरज सिंह ने कहा कि आज तक तो पानी मिला नहीं, गांव के रास्ते और खराब कर दिए। डेढ़ साल से बंद काम की ओर जिम्मेदार देखते तक नहीं। संवाद

00

दो साल से अधूरा ओवरहेड टैंक का काम

डिलारी। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत सैंजनी, होंसपुर, जुलढकिया गांव में भी जल जीवन मिशन साफ पानी की जरूरत पूरी नहीं कर पा रहा है। घर-घर साफ पानी पहुंचाने के लिए बोरिंग हो गया है। पाइप लाइन भी डाल दी है लेकिन लाइन जोड़ने का कार्य अधूरा है। घरों में कनेक्शन भी नहीं किए गए हैं। नतीजे में ग्रामीणों की स्वच्छ पानी की उम्मीद इस गर्मी में भी अधर में अटकी रह गई। संवाद



00

आधे घरों में नहीं पहुंच रहा पानी

सुरजन नगर। गांव खैरुल्लापुर में ओवरहेड टैंक बनने के बाद भी तमाम घरों में साफ पानी नहीं पहुंच रहा। ग्रामीणों का कहना है कि घरों में टोंटियां न लगने से समस्या आ रही है।

जल जीवन मिशन के तहत दिसंबर 2021 में गांव में ओवरहेड टैंक का निर्माण शुरू हुआ था। लगभग तीन माह पूर्व टैंक तैयार हो गया। पाइप लाइन डालकर 250 से अधिक घरों में कनेक्शन भी दे दिए। इसके बाद घरों में टोंटी लगाने का काम जिम्मेदारी से नहीं किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि आधे घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। इस बीच पाइप लाइन में कई जगह लीकेज की समस्या भी उठ खड़ी हुई। ग्राम प्रधान के पति सौरभ कुमार का कहना है घरों में टोटी न लगने से पानी का प्रेशर नहीं बन पाता और आधे गांव में पानी की सप्लाई नही पहुंच पाती। कई बार अधिकारियों से शिकायत की पर समस्याओ का समाधान नहीं हुआ। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें