मुरादाबाद। करीब साढ़े चार साल पहले लखनऊ में आतंकी सैफुल्लाह को एनकाउंटर में ढेर करने वाले एटीएस के कमांडो अविनाश कुमार को राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार मिला है। मुरादाबाद निवासी अविनाश को दो अक्तूबर के मौके पर लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) के कमांडो अविनाश कुमार सिविल लाइंस थानाक्षेत्र की फकीरपुरा कालोनी निवासी हैं। वह 2006 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे।
2015 से एटीएस की स्पॉट शाखा में कमांडों के पद पर तैनात हैं। करीब साढ़े चार साल पहले लखनऊ में चले ग्यारह घंटे के एनकाउंटर में उन्होंने अपनी बहादुरी और साहस के दम पर आतंकी सैफुल्लाह को मार गिराया था। इस बहादुरी के लिए उन्हें राष्ट्रपति ने वीरता मेडल प्रदान किया था। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने उन्हें मेडल पहनाकर सम्मानित किया है।