महानगर में बिजली कटौती से निजात नहीं मिल पा रही है। मंगलवार को रमजान का महीना शुरू हो गया। पहले दिन ही बिजली कटौती ने रोजेदारों को परेशान किया। वहीं शहर के आधे से ज्यादा इलाके में ट्रिपिंग की समस्या ने मुसीबत खड़ी कर दी। कई इलाकों में लोकल फाल्ट भी बने रहे। प्रदेश सरकार ने महानगर में 22 घंटे बिजली आपूर्ति के आदेश दे रखे हैं। रमजान के महीने में रात की बिजली कटौती बंद करने के भी आदेश हैं। लेकिन मंगलवार को रमजान का पहला दिन भी बिना कटौती से अछूता नहीं रहा।
रमजान के पहले दिन कई इलाकों में दो से चार घंटे की कटौती हुई है। शासन के आदेश के बाद भी इमरजेंसी कटौती होना बड़ी समस्या है। सबसे ज्यादा परेशानी ट्रिपिंग से रही। हर पंद्रह बीस मिनट के बाद बिजली का आना जाना लगा रहा है। पीली कोठी, टैक्सी स्टैंड, गुरहट्टी और गलशहीद, नागफनी इलाकों से भी ऐसी शिकायतें मिलीं। बिजली के लोकल फाल्ट भी खत्म नहीं हो पा रहे हैं।
ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र में लोकल फाल्ट से दिक्कत आई। ट्रांसफार्मरों के ओवर लोड होने के कारण सप्लाई बंद करनी पड़ी। इसके अलावा लाइनपार इलाके में बिजली की समस्या लगातार बनी हुई है। हनुमाननगर और कृष्णानगर तथा प्रेमनगर के लोगों ने बताया कि मंगलवार को भी बिजली कई बार गई और आई। रमजान के चलते एक माह तक शहर में बिजली का कोई ऐसा नया काम नहीं होगा जिससे कि बिजली का शटडाउन लेना पड़े। मुख्य अभियंता ने ऐसे निर्देश दे दिए हैं। साथ ही यह भी कहा है कि लोकल फाल्ट रोकने के लिए पूरी कोशिश करें। यदि लोकल फाल्ट होता है तो तुरंत ठीक करने के लिए लाइन स्टाफ को दौड़ाकर ठीक कराया जाए, ताकि दिक्कत नहीं हो।