फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामपुर: बांग्लादेशी युवक के जन्म प्रमाणपत्र की जांच को शाहबाद पहुंची पुलिस

Tue, 11 Jan 2022 12:04 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, रामपुर

सार

पुलिस ने 13 दिसंबर को सिरौली में झोलाछाप की तरह काम कर रहे और पूर्व में शाहबाद नगर में रहे एक बांग्लादेशी युवक देवाशीष को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने देवाशीष से भारतीय पासपोर्ट, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक खाता तक के दस्तावेज जब्त किए थे।
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नागरिकता छुपाकर और फर्जी दस्तावेजों के साथ रह रहे बांग्लादेशी युवक देवाशीष का नगर पंचायत शाहबाद से जन्म प्रमाणपत्र भी जारी किया गया था। इस जन्म प्रमाणपत्र की सोमवार को पुलिस ने जांच की तो कई अनियमितताएं भी सामने आईं। 
विज्ञापन


पुलिस ने 13 दिसंबर को सिरौली में झोलाछाप की तरह काम कर रहे और पूर्व में शाहबाद नगर में रहे एक बांग्लादेशी युवक देवाशीष को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने देवाशीष से भारतीय पासपोर्ट, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक खाता तक के दस्तावेज जब्त किए थे। ये सब भारतीय दस्तावेज देवाशीष ने बांग्लादेशी नागरिक होने के बावजूद बनवाए थे। 

देवाशीष के फर्जी पासपोर्ट व अन्य दस्तावेजों का खुलासा तब हुआ जब वो 23 अक्तूबर 2021 को सड़क मार्ग से बांग्लादेश जा रहा था। इस दौरान हरिदासपुर स्थित इंडियन कस्टम की चेकिंग पोस्ट पर उसके दस्तावेजों की जांच के दौरान कर्मियों को उसके पासपोर्ट पर शक हुआ था। इसके बाद कर्मियों ने बरेली पासपोर्ट आफिस को वेरीफिकेशन के लिए भेजा था।
विज्ञापन


 वहां से पासपोर्ट जांच के लिए शाहबाद पुलिस के पास आया। पुलिस जांच में देवाशीष के बांग्लादेश से वीजा पर भारत आने और फिर वापस न जाने का खुलासा हुआ था। देवाशीष पर बांग्लादेश का पासपोर्ट था, जिस पर वीजा के आधार पर वह भारत के कोलकाता आया था। तीन माह के वीजा के समाप्त होने के बाद साल 2013 में वह शाहबाद आकर रहने लगा था। यहां से वो साल 2017 में बरेली के सिरौली चला गया था।

तभी से पुलिस विभिन्न तथ्यों के आधार पर जांच पड़ताल कर रही थी। सोमवार को विवेचक आरके त्रिपाठी शाहबाद नगर पंचायत द्वारा 7 जुलाई 2015 को जारी किए गए देवाशीष के जन्म प्रमाणपत्र के सिलसिले में नगर पंचायत पहुंचे। 

पुलिस द्वारा जन्म प्रमाणपत्र जारी करने के मामले में अभिलेख मांगे गए। जिसमें नगर पंचायत कर्मचारियों के पसीने छूट गए। ज्ञात रहे कि शाहबाद नगर पंचायत द्वारा जारी किए गए प्रमाणपत्र में पत्रांक संख्या 362 दर्ज की हुई है। जबकि, अभिलेख जब देखे गए तो उसमें 363 पत्रांक संख्या अंकित की गई थी।

 साथ ही रजिस्टर के अंदर सफेदा लगाकर कुछ नंबरों को ऊपर नीचे भी किया गया है। पुलिस द्वारा अभिलेख देखने पर रजिस्टर के अंदर बांग्लादेशी देवाशीष के नाम के सामने प्राप्तकर्ता और गवाह के नाम व पते वाला पूरा कॉलम खाली पाया गया। जबकि रजिस्टर में अन्य जन्म प्रमाणपत्र जारी करने वालों के कॉलम में प्राप्तकर्ता और गवाह के पता और नाम अंकित किया हुआ था। उस दौरान नवागत अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने अभिलेखों को देखकर कर्मचारियों की जमकर फटकार लगा दी।

 फिलहाल देर शाम तक नगर पंचायत द्वारा किस आधार पर जन्म प्रमाणपत्र जारी किया गया था, उसका कोई भी प्रमाण कर्मचारी पुलिस के सामने प्रस्तुत नहीं कर सके। जन्म प्रमाणपत्र किस आधार पर जारी किया गया है, पुलिस इसकी तह तक पहुंचने में लगी हुई है। 
 
विज्ञापन

नगर पंचायत शाहबाद द्वारा वर्ष 2015 में जन्म प्रमाण पत्र जारी हुआ है। यह जन्म प्रमाण पत्र किस आधार पर जारी किया गया है उस के सिलसिले में नगर पंचायत आए हैं फिलहाल जांच अभी जारी है और नगर पंचायत से अभिलेख मांगे गए है।
-आरके त्रिपाठी, विवेचक

एक जन्म प्रमाण पत्र पुलिस द्वारा मांगा गया है। अभिलेखों का रखरखाव सही न होने पर कर्मचारियों की फटकार लगाई गई है। पुलिस द्वारा मांगे गए जन्म प्रमाण पत्र को प्रस्तुत किया जाएगा।
-शैलेंद्र सिंह, ईओ शाहबाद नगर पंचायत
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें