मुरादाबाद। मुरादाबाद पुलिस इतिहास में पहली बार किसी एसएसपी ने पुलिस कर्मियों को आराम और नींद पूरी करने के लिए लिखित में आदेश दिया है। रात में हाईवे और मुख्य मार्गों पर चेकिंग करने वाले पुलिसकर्मी अगले दिन दस घंटे तक आराम करेंगे।
पंद्रह अगस्त के मद्देनजर हाई अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में हाईवे और मुख्य मार्गों पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। रात में ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मियों से दिन में काम नहीं लिया जाएगा। एसएसपी ने दस घंटे के लिए पुलिस कर्मियों की छुट्टी तय कर दी है। एसएसपी का कहना है कि जब पुलिसकर्मी भरपूर आराम करेंगे तो अगले दिन वह पूरी मेहनत के साथ ड्यूटी करेंगे। इतनी राहत के बाद भी अगर कोई पुलिस अपनी ड्यूटी में लापरवाही करता मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।