परिवर्तन यात्रा के दौरान मुरादाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के लिए भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारियाें में जुट गए हैं। स्थानीय नेताओं ने नया मुरादाबाद में स्थान फाइनल किया है तो हाईकमान ने कम से दो लाख लोगाें की मौजूदगी का टारगेट दिया है।
असली तैयारी पांच नवंबर को सहारनपुर से परिवर्तन यात्रा के शुरू होेने के बाद ही होंगी। अभी इस स्थान को भी दिल्ली से आने वाली टीम निरीक्षण के बाद ही फाइनल करेगी। उधर, पीएम की जनसभा को स्थानीय नेता खुद के लिए एक बड़ा मौका भी मानकर चल रहे हैं। इस रैली के आधार पर ही कई नेताओं का कद भी तय होगा।
इसका कारण साफ है कि प्रधानमंत्री की सभाओं को आर्गनाइज करने वाली कमेटी सभी पदाधिकारियों के साथ आने वाले कार्यकर्ता या भीड़ का रिकार्ड भी रखती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली देश के किसी भी हिस्से में हो वहां भीड़ लाखों की संख्या में होती है। इस बार प्रधानमंत्री से रूबरू होने का मौका मुरादाबाद के लोगों को भी मिलने जा रहा है।
विधानसभा चुनाव 2017 में अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए सभी पार्टियां जुट गई हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी यात्रा निकाल रहे हैं तो राहुल गांधी अपनी यात्रा पूरी कर चुके हैं। हालांकि मायावती या उनकी पार्टी की ओर से कोई यात्रा नहीं निकल रही है। लेकिन भाजपा चुनाव से पूर्व प्रदेश में परिवर्तन यात्रा निकालने जा रही है।
यात्रा का शुभारंभ पांच नवंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहारनपुर से करेंगे। इसके बाद प्रदेश भर में घूमने के बाद यात्रा अंतिम चरण में मुरादाबाद होते हुए दिल्ली वापस जाएगी। इस यात्रा के दौरान आठ जगहाें पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसभाएं करेंगे। यात्रा दो दिसंबर को मुरादाबाद पहुंचेगी और इसी दिन यहां जनसभा होनी है। जनसभा के लिए के लिए स्थानीय नेताओं ने नया मुरादाबाद में जगह तलाशी है।