बुखार से झुलस रहे नवाबपुरा के लोग सिस्टम की ‘गरीबी’ के शिकार
या
नवाबपुरा में सिस्टम की ‘गरीबी’ से बढ़ रही बुखार की तपिश
शहर के मोहल्ला नवाबपुरा महीनेभर से डेंगू और बुखार की जद में
छह लोगों की हो चुकी है मौत, डेंगू के मिल चुके हैं करीब 50 मरीज
खानपूर्ति के हथियार से जिम्मेदार कर रहे डेंगू पर प्रहार
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। रामगंगा नदी के किनारे दसवां घाट सैनी बस्ती से लेकर लालबाग तक करीब 600 मीटर की दूरी में फैले नवाबपुरा मोहल्ला बुखार की तपिश में झुलस रहा है। यहां करीब 12 दिनों में छह लोगों की मौत हो चुकी है। डेंगू के करीब 50 मरीज भी सामने आ चुके हैं। घर-घर बुखार के मरीज हैं। ऐसे हालात में नवाबपुरा के लोग सिस्टम की ‘गरीबी’ के शिकार हैं। जिम्मेदार खानापूर्ति के हथियार से डेंगू और बुखार पर प्रहार करने में लगे हुए हैं। न तो साफ सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है और न ही स्वास्थ्य सेवाओं पर। रविवार को मोहल्ले में नालियां चोक मिली, जबकि नगर निगम ने विशेष अभियान चला रखा है। वहीं, अरबन पीएचसी नवाबपुरा में दोपहर एक बजे तक कोई डॉक्टर नहीं मिला। घरों में सप्लाई होने वाला पानी सड़क पर पसरा मिला, जो डेंगू मच्छरों के लिए मुफीद है।
मैं खुद नवाबपुरा गया था। अरबन पीएचसी पर करीब एक घंटे रहा। डॉक्टर और स्टाफ तैनात मिला। दोपहर में डॉक्टर मरीजों के घर उनके सेहत की जानकारी करने के बारे में गई थीं। पूर्व के दिनों में अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए कैंप लगाया जा रहा था। - डॉ. एमसी गर्ग, सीएमओ
ये मिली कमियां
- अरबन पीएचसी नवाबपुरा में रविवार दोपहर एक बजे ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर मौजूद नहीं मिलीं। यहां उनकी अनुपस्थिति में दूसरा कोई डॉक्टर नहीं मिला।
- रविवार को नगर निगम ने शहर के वार्डों में विशेष अभियान की शुरूआत की, जबकि करीब महीनेभर से शहर में डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। पहली बार नगर निगम से कोई अफसर नवाबपुरा मोहल्ले में पहुंचा। इससे पहले यहां कोई जिम्मेदार नहीं पहुंचा था।
- मोहल्ला नवाबपुरा में नालियां जगह-जगह चोक हैं। नवाबपुरा तिराहे तक जाने वाली सड़क की दोनों ओर की नालियों में पानी का बहाव रुका मिला। ऐसे में नालियों में लार्वा पनप रहा हैं। हालांकि कहने के लिए साफ सफाई की जा रही है।
- नवाबपुरा में वाटर सप्लाई की पाइप लाइन भी फटी मिली। इससे साफ पानी सड़क पर पसरा मिला, जबकि डेंगू का मच्छर साफ पानी में ही पनपता है। ऐसे में निगम की ये लापरवाही लोगों को परेशानी में डाल रही है।
--
क्या कहना है लोगों का
- मोहल्ले में साफ सफाई नहीं हो रही है। नालियां चोक हैं। पानी का बहाव नहीं हो रहा है। इससे मच्छर पनप रहे हैं, जो बीमारी के कारण बन रहे हैं। - इकराम, नवाबपुरा
- मोहल्ले में डेंगू और बुखार फैला हुआ है। बावजूद इसके साफ सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है। जिम्मेदार साफ सफाई पर ध्यान नहीं दे रहें। - राजकुमार, नवाबपुरा
- मोहल्ले की नालियां की हालत देखिए, साफ-सफाई कितनी होती है ये अपने आप पता चल जाएगा। इधर-उधर गंदगी बिखरी रहती है। शिकायत करने पर सुनवाई नहीं है। - मो. फैसल, नवाबपुरा
रैपिड टेस्ट में 70 फीसदी मरीज आ रहे पॉजिटिव
मुरादाबाद। नवाबपुरा निवासी डॉ. उबैद ने बताया कि वर्ष 2010 के बाद डेंगू काफी लोगों को अपना शिकार बना रहा है। ओपीडी में बुखार के 70 फीसदी मरीज रैपिड टेस्ट में डेंगू पॉजिटिव मिल रहे हैं। अक्तूबर महीने में डेंगू आशंकित 80 से 90 मरीज रेफर कर चुका हूं। इस बार मरीजों का तेजी से प्लेटलेट्स गिर रहा है।
मोहल्ले में नहीं आ रहे निगम के जिम्मेदार
मुरादाबाद। वार्ड नंबर 40 के पार्षद प्रेम प्रजापति ने बताया कि मोहल्ले में डेंगू से छह लोगों की मौत हो चुकी है। घर-घर बुखार के मरीज हैं। निगम के जिम्मेदार मोहल्ले में झांकने नहीं आ रहे हैं। सफाई नायक और सफाई इंस्पेक्टर ही आते हैं। रविवार को पहली बार अपर नगर आयुक्त मोहल्ले में दिखे। नगर आयुक्त ने एक बार भी मोहल्ले का दौरा नहीं किया।