मुरादाबाद। केंद्रीय निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची 2003 में डाउन लोड करने के बाद मिलान नहीं हो पा रहा है। गड़बड़ी मिलने से लोगों को परेशानी हो रही है। इस कारण एसआईआर के अभियान की गति धीमी पड़ गई है। कुछ लोग शिकायत करने के लिए सामने आ रहे हैं।
सपा नेता तुंगीश यादव का आरोप है कि उन्होंने 18 देहात मुरादाबाद कक्ष संख्या एक प्राइमरी विद्यालय डूंगरपुर की भाग संख्या 68 के स्थान पर विधानसभा 16 मुरादाबाद पश्चिम के कक्ष संख्या चार जिला समाज कल्याण जूनियर हाईस्कूल 68 की मतदाता सूची डाउनलोड हो जा रही है। मंगलवार को भी उन्होंने सर्च किया लेकिन सूची सही डाउनलोड नहीं हो रही है। इसी प्रकार एक भाजपा नेता ने भी 16 मुरादाबाद पश्चिम विधानसभा के बूथ संख्या 61,62,63 की मतदाता सूची नहीं मिलने का सवाल जिला प्रशासन के समक्ष लिखित तौर पर दिया है। इसी प्रकार मंगलवार को लोकदल के क्षेत्रीय महासचिव सैयद राशिद अली, सलीम कुरैशी, जकी अहमद और नौशाद अली ने जिले के अधिकारियों से मतदाता सूची 2003 में मतदाताओं की क्रम संख्या नहीं मिलने पर आपत्ति दर्ज कराई है। आरोप है कि जल्दी मतदाता सूची डाउनलोड नहीं हो रही है। इस मामले में लोकदल के नेताओं ने फार्म जमा करने की तिथि बढ़ाने की मांग की है ताकि मतदाताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। एसआईआर अभियान का नेतृत्व कर रही एडीएम प्रशासन संगीता गौतम ने बताया कि शिकायतों को एसडीएम स्तर पर ठीक करने के लिए भेजा गया है। करीब 85 प्रतिशत गणना फार्मों का वितरण हो चुका है।
मतदाताओं की दिक्कतें और भी हैं
बीएलओ मतदाताओं से जो फार्म ले रहे हैं। उसकी रिसीविंग नहीं दे रहे हैं। फार्म भरते समय कापी खराब होने से मतदाता परेशान हो जाते हैं। उसका फोटो स्टेट बीएलओ को करना चाहिए। बीएलओ फार्म भर रहें हैं लेकिन उसमें 2003 का ब्योरा नहीं दे रहे हैं। आम लोग सवाल कर रहे है कि क्या यह फार्म निर्वाचन आयोग के लिए मान्य रहेगा।
एसआईआर अभियान में शिकायतों का निराकरण कराया जा रहा है। कुछ स्थानों पर 2003 की मतदाता सूची नहीं मिलने की शिकायत प्रकाश में आई है। जरूरत पड़ने पर शिकायत आयोग को भेजी जाएगी।
अनुज सिंह डीएम मुरादाबाद