मुरादाबाद। रेलवे बोर्ड ने नववर्ष के मौके पर यात्रियों को नया तोहफा दिया है। रेलवे बोर्ड की ओर से मंडल में छह जोड़ी और पैसेंजर ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी मिल गई है। इन सभी ट्रेनों में एमएसटी भी लागू होगी। इससे आसपास के क्षेत्र में रोजाना नौकरी या व्यापार के उद्देश्य से जाने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। हालांकि ये सभी ट्रेनें स्पेशल के रूप में चलाई जाएंगी। सफर के लिए यात्रियों को महंगा किराया चुकाना पड़ेगा।
मुरादाबाद मंडल से सामान्य दिनों में 59 जोड़ी ट्रेनें गुजरती हैं, लेकिन फिलहाल कोरोना के कारण सिर्फ नौ जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन ही यहां से हो रहा था। इसमें भी दो ट्रेनें कोहरे के कारण रद्द चल रही हैं। ऐसे में मुरादाबाद से अमरोहा, गजरौला, रामपुर आदि स्थानों पर नौकरी पेशा वालों को यातायात का सस्ता और सुलभ साधन उपलब्ध नहीं हो रहा था। यात्री लंबे समय से अपनी मांग रेलवे महकमे के सामने रख रहे थे। इसी को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने दो सप्ताह पहले मंडल से पैसेंजर ट्रेनों के लिए प्रस्ताव मांगा था। मंडलीय अधिकारियों द्वारा ट्रेनों की सूची भेजने के बाद हरी झंडी मिल गई है। सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह का कहना है कि मुरादाबाद से छह जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें चलने से यात्रियों को सहूलियत होगी।
ये ट्रेनें चलेंगी
ट्रेन नंबर कहां से कहां तक संचालन की तारीख
04391/92 नजीबाबाद-कोटद्वार-नजीबाबाद 03.01.22
04332/31 मुरादाबाद-संभल-मुरादाबाद 03.01.22
04282/79 मेरठ सिटी-खुर्जा-मेरठ 03.01.22
04365/66 बरेली-मुरादाबाद-बरेली 14.01.22
04394/93 गजरौला-अलीगढ़-गजरौला 01.02.22
04360/59 ऋषिकेश-चंदौसी-ऋषिकेश 01.02.22