कांठ। क्षेत्र के कई गांवों में पिछले दिनों तेंदुए दिखाई देने के बाद से ग्रामीणों में अब तक डर है। किसान खेतों पर अकेले जाने से डरते हैं। क्षेत्र में एक सप्ताह से लगे तीनों पिंजरे अभी तक खाली हैं। अब वन विभाग क्षेत्र के गांव मुख्त्यारपुर नवादा में भी पिंजरा लगाने की तैयारी कर रहा है।
कांठ के गांव मुख्त्यारपुर नवादा के पास हर रोज तेंदुआ दिखाई देने का दावा ग्रामीणों के द्वारा किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार एक सप्ताह में गांव के आसपास से तेंदुआ पांच कुत्तों को भी उठाकर ले जा चुका है, जिससे ग्रामीणों में डर है। गांव के पास स्थित प्राचीन झाड़ वाले नागराज मंदिर और महंत स्वामी चमन ऋषि महाराज के आश्रम के पास तेंदुए दिखने की बात ग्रामीणों द्वारा बताई जा रही है। इस संबंध में ग्रामीणों ने वन विभाग को भी जानकारी दी है। मंदिर के महंत विजयानंद महाराज, गांव के रहने वाले भविष्य बिश्नोई, आरएसएस के जिला व्यवस्था प्रमुख राजेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान के पति नीरज बिश्नोई, ओमकार सिंह, हैप्पी बिश्नोई आदि ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़वाने की मांग की है। डिप्टी रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्त्यारपुर नवादा से मिल रही सूचनाओं के बाद यहां पिंजरा लगाए जाने की तैयारी है। जैसे ही पिंजरा उपलब्ध होता है, उसे लगवाया जाएगा। टीम भी ग्रामीणों को जागरूक करने का काम कर रही है। बता दें कि क्षेत्र के गांव खलीलपुर कद्दीम, कुरी रवाना, गोविंदपुर ज्ञानपुर में तेंदुए दिखने के बाद तीनों जगह पिंजरे लगाए गए थे, लेकिन एक सप्ताह के बाद भी तीनों पिंजरे खाली हैं। वन विभाग के द्वारा पिंजरों की निगरानी की जा रही है।