ठाकुरद्वारा। ठाकुरद्वारा-सुरजननगर कांवड़ मार्ग पर सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे अचानक कमालपुरी चौराहे के पास हाईटेंशन विद्युत लाइन के दो खंभे गिर गए। इससे वहां अफरातफरी मच गई। वहां से जा रहे कांवड़िये बाल-बाल बचे। हादसे के समय डिलारी फीडर की इस हाईटेंशन विद्युत लाइन में ठाकुरद्वारा बिजलीघर में फाल्ट हो जाने के कारण बिजली सप्लाई ठप थी। जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
इस दौरान वहां से गुजर रहे सुल्तानपुर दोस्त निवासी छात्र अभिषेक की बाइक खंभों की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई। छात्र ने कूद कर अपना बचाव किया। घटना की जानकारी मिलने पर लघु उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गौरव चौहान मौके पर पहुंचे। उनके नेतृत्व में व्यापारियों ने घटना को लेकर हंगामा किया। विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। व्यापारी संजीव चौहान, बलराम सिंह, अनीस राजा आदि का कहना था कि इनमें से एक खंभा करीब दी महीने से क्षतिग्रस्त था, जिसकी सूचना विद्युत विभाग के कर्मचारियों को दी गई थी लेकिन उन्होंने इस खंभे को नहीं हटाया। इसके अचानक गिरने से दूसरा खंभा भी विद्युत लाइन के तारों सहित सड़क पर गिर गया। गौरव चौहान ने इसकी शिकायत फोन पर एसडीओ रंजीत सिंह से की। सूचना के एक घंटे बाद कर्मचारियों के सड़क पर गिरे खंभे को हटाने को लेकर नाराजगी जताई। कहा कि व्यापारी दुर्घटना रोकने के लिए घंटे भर सड़क पर खड़े रहे। खंभों के गिरने से आधे नगर की विद्युत आपूर्ति करीब चार घंटे बंद रही। विद्युत विभाग के एसडीओ रंजीत सिंह का कहना है कि एक खंभे में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी जिससे उसके साथ दूसरा खंभा भी सड़क पर गिर गया था। उन्होंने जेई को घटना की जांच के आदेश दिए हैं।