मुरादाबाद। रामपुर दोराहा के पास ताजपुरमाफी में गुरुवार सुबह हाईटेंशन लाइन के करंट से एक व्यक्ति की मौत हो गई। स्थानीय निवासियों के मुताबिक वह व्यक्ति खुद को लाइनमैन बता रहा था। अपने साथ सीढ़ी लेकर आया था और ट्रांसफार्मर ठीक करने की बात कहकर सीढ़ी लगाकर चढ़ने लगा। इसी बीच उसे करंट लग गया और मौके पर ही मौत हो गई। विभाग ने व्यक्ति के लाइनमैन होने से इंकार किया है।
कटघर थाना क्षेत्र के ग्राम ताजपुर माफी में सुबह करीब 11 बजे यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने देखा तो घटना की जानकारी ग्राम प्रधान कोदी। प्रधान ने बिजलीघर से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी। बिजलीघर से लाइन बंद कराकर टीम पहुंची तो पाया कि व्यक्ति विभाग का कर्मचारी नहीं है।
हालांकि उसकी पहचान गोविंदपुर खुर्द निवासी बरकत अली के रूप में हुई। पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसडीओ संजीव रवि का कहना है कि ट्रांसफार्मर ठीक करने के लिए कोई शटडाउन नहीं लिया गया। व्यक्ति क्यों वहां गया था इसकी जांच की जा रही है।