मुरादाबाद। बिहार से मजदूर और राजमिस्त्री लेकर उत्तराखंड के उत्तरकाशी जा रही निजी बस शुक्रवार सुबह मुरादाबाद-काशीपुर मार्ग पर नेकपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर खंदक पलट गई। हादसे में एक राजमिस्त्री की मौत हो गई, जबकि 24 मजदूर घायल हो गए। घायलों को भोजपुर और मुरादाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा शुक्रवार सुबह सात बजे भोजपुर थानाक्षेत्र के पीपलसाना और नेकपुर गांव के बीच हुआ। बिहार के चंपारण से 38 मजदूर और राजमिस्त्री लेकर यह निजी बस बृहस्पतिवार सुबह उत्तराखंड के उत्तरकाशी के लिए रवाना हुई थी। शुक्रवार सुबह सात बजे बस भोजपुर थाना क्षेत्र के पीपलसाना और नेकपुर गांव के बीच से गुजर रही थी। घायलों ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान चालक को झपकी आ गई। जिस कारण बस अनियंत्रित होकर खाई में जाकर पलट गई। घायलों की चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस के गांवों और खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिये भोजपुर के जिला अस्पताल भिजवा दिया गया, जहां डॉक्टरों ने 64 वर्षीय भभीछन राम पुत्र मुखलाल राम निवासी वार्ड संख्या चार, फतु छापर पश्चिमी चंपारण को मृत घोषित कर दिया। जबकि गिरधारी लाल, दिनेश कुमार, विक्रम राम, सुरेंद्र कुमार, अमरावती, सुरेश पासवान, व्यास मुखिया, जितेंद्र कुमार, नंदू शर्मा, मुन्नाराम, मनोहर लाल समेत 24 लोग घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विद्या सागर मिश्र ने बताया कि घायलों को भोजपुर के सरकारी और जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। भभीछन के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।
000
घायल हुए मजदूर
भोजपुर। खंदक में पलटी बस में राजू (30) निवासी पश्चिमी चंपारन, पोपेंद्र (32) निवासी
उत्तरकाशी, जितेंद्र (24), विक्रम राम (30), गिरधारी राम, मनोहर राम, मुन्नाराम,
सुरेश राम, मोतीलाल, दिनेश (36), उमरावती (34), विशाल (14), आभा (11), बलवंत
(10), सुरेन (32), गिरधानी (36), मोती लाल (50), नितेश (22), व्यास मुखिया (43),
शत्रुघ्न (22), निवासी जिला बेतिया बिहार, राजन कुमार (15), रंजीत कुमार (11) व
हीरालाल (35) निवासी जिला पश्चिमी चंपारण सहित 24 मजदूर घायल हो गए। इनमें राजू व
पोंपेद्र की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। संवाद
बस में फंसे मजदूरों में मचती रही चीख पुकार
भोजपुर। हाईवे पर पलटी बस में फंसे कई मजदूर करीब पौन घंटे तक चीख पुकार करते रहे।
उनको पुलिस और आसपास के लोगों के साथ ही राहगीरों ने कड़ी मशक्कत करके बस से निकालकर
अस्पताल में भिजवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मुरादाबाद-काशीपुर हाईवे किनारे खंदक में बस पलटते ही मजदूरों
में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर पास के लोग मौके पर पहुंच गए। बस में फंसे मजदूरों की मदद के लिए जुट गए। बस में फंसे कई मजदूरों की गर्मी के कारण हालत बिगड़ गई। घटनास्थल पर बस में फंसे और घायल मजदरों की चीखपुकार पौन घंटे तक मचती रही। संवाद
000
खुद करते हैं मजदूरी, बच्चों को पढ़ाते हैं
भोजपुर। खंदक में पलटी बस में घायल हुए यात्रियों ने बताया कि वे खुद मजदूरी करते हैं और अपने बच्चों को भी साथ रखकर स्कूल में पढ़ाते हैं। हादसे में घायल दिनेश ने बताया कि बस में 30 लोग सवार थे, हम सभी बिहार से ऋषिकेश व उत्तरकाशी में मजदूरी करने के लिए जाते हैं। अपने पूरे परिवार को साथ रखते हैं। खुद मजदूरी करते हैं और बच्चों को स्कूल में दाखिल कराकर पढ़ाते हैं। उनके बच्चे ऋषिकेश में पढ़ते हैं।