मुरादाबाद। बिशप पारकर मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को नागपाल एकेडमी व आरएसडी एकेडमी के बीच मैच हुआ। नागपाल एकेडमी के ओम सिंघल के ऑलराउंड प्रदर्शन ने टीम को कम स्कोर के बावजूद जीत दिलाई। नागपाल एकेडमी को नाै रन से मिली जीत में ओम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर नागपाल एकेडमी ने बल्लेबाजी चुनी। टीम पूरे 30 ओवर नहीं खेल सकी। 16.5 ओवर में 86 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। ओम सिंघल ने सर्वाधिक 28 रन बनाए। उनके अलावा कोई 20 रन भी नहीं बना सका। गेंदबाजी में आरएसडी की ओर से रघु सिंह व अमन कुमार ने तीन-तीन विकेट लिए।
आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरएसडी एकेडमी की टीम बेदम नजर आई। पहले तीन विकेट एक रन पर ही गिर गए। टीम पांच रन पर टीम चार विकेट खो चुकी थी। कप्तान रोहित ने सर्वाधिक 23 रन बनाए। पूरी टीम 22.3 ओवर में 77 रन बनाकर आउट हो गई। नागपाल एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में आर्यन व ओम सिंघल ने तीन-तीन विकेट लिए। मैच के दौरान पारकर कॉलेज के प्रधानाचार्य मेजर एसके नाथन, पारकर एकेडमी के कोच हिमांशु शर्मा, वाकर जैदी, हरदेव सिंह, आलोक यादव, दीपक, विनय सैनी आदि मौजूद रहे।