मुरादाबाद। रेलवे और सेतु निगम द्वारा फरवरी में सोनकपुर ओवरब्रिज का निर्माण पूरा कराने का दावा किया जा रहा है। जबकि वर्तमान स्थिति के अनुसार पुल पर रेल लाइन के ऊपर स्लैब, ज्वाइंट, हॉटमिक्स लेयर और दिल्ली रोड से जोड़ने के लिए सड़क बनाने समेत कई काम बाकी हैं। इसके अलावा बारिश और काम की धीमी गति भी एक कारण है। ऐसे में तय दावे के मुताबिक समय पर काम पूरा होना बेहद मुश्किल है।
रेलवे के जीएम आशुतोष गंगल मे मुरादाबाद दौरे के समय सोनकपुर ओवरब्रिज पर फरवरी में यातायात शुरू कराने का दावा किया था। इससे पहले रेलवे के तीन बार किए गए दावे पूरे नहीं हो पाए। नतीजतन चार वर्षों से लंबित निर्माण जनवरी 2022 तक भी पूरा नहीं हो सका है। 1.15 किमी लंबा यह पुल हरिद्वार व दिल्ली की दोनों रेल लाइन से होकर कांशीराम नगर में उतरेगा। यहां से कांशीराम नगर होते हुए नया मुरादाबाद व दिल्ली रोड जाना आसान होगा। चार वर्षों में निर्माण का बजट बढ़कर 90 करोड़ से 116 करोड़ रुपये हो गया है। पुल की चार साइडों में से दो साइड भी शुरू नहीं हो सकी हैं। पुल को दिल्ली रोड से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण में भी सेतु निगम को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। जो सड़क कांशीराम नगर होते हुए दिल्ली रोड तक जा रही वह भारी वाहनों के लिहाज से संकरी है। जबकि पुल का निर्माण भारी वाहनों को शहर में प्रवेश न कराते हुए दिल्ली रोड से सीधे कांठ रोड पर पहुंचाने के लिए ही किया जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर रेलवे के सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह का कहना है कि निर्माण विभाग से संपर्क कर जल्द से जल्द काम पूरा करने के लिए कहा गया है। पुल के लिए लोगों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।