सैंपलिंग से अनुपस्थित रहने वाली टीम को दिए नोटिस
मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण के बढ़ते केसों के बावजूद सैंपलिंग के लिए अनुपस्थित रहने वाली टीम को स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस दिया है। इसके साथ ही जिला अस्पताल में सैंपल लेने का कार्य शुरू किया गया। नोडल अधिकारी का कहना है कि सभी को संदिग्धों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
मुरादाबाद जनपद में कोरोना संक्रमण के केसों की संख्या आठ है। इसके बावजूद कर्मचारी सैंपलिंग के लिए लापरवाही कर रहे हैं। बुधवार को अमर उजाला की टीम को रोडवेज बस स्टैंड, पंचायत भवन और जिला अस्पताल में सैंपल वाली जगहों पर टीम नहीं मिली थी। इसकी खबर अखबार में प्रमुखता से प्रकाशित की गई। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को संज्ञान लेते हुए संबंधित टीमों को नोटिस जारी किए। नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि तीनों स्थानों पर जांच करने वाले कर्मचारियों को नोटिस देकर तीन दिन में कारण स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। स्पष्टीकरण प्राप्त न होने पर यह मान लिया जाएगा कि कर्मचारी जानबूझकर अनुपस्थित थे और आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र में 26 पीएचसी पर जांच के लिए लैब तकनीशियनों की ड्यूटी लगाई गई है। जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले खांसी, जुकाम, बुखार और सांस के रोगियों की एंटीजन व आरटीपीसीआर जांच के निर्देश दिए गए हैं।