मुरादाबाद। बहुप्रतिक्षित सोनकपुर ओवरब्रिज का अभी तक एक हिस्सा भी पूरा नहीं हो सका है। जबकि रेलवे और सेतु निगम ने जनवरी में इसके एक फेज से आवागमन शुरू करने का दावा किया था। अब भी पुल निर्माण में काफी काम शेष है। मुरादाबाद-दिल्ली लाइन पर गर्ड लाचिंग के बाद स्लैब डल गए हैं लेकिन मुरादाबाद-सहारनपुर रेल लाइन के ऊपर काम करना बाकी है। इसके बाद बाउंड्री, हॉटमिक्स लेयर आदि से फिनिशिंग भी करनी होगी। ऐसे में रेलवे को अपना काम 28 फरवरी तक पूरा करने के लिए फुर्ती से काम करना चाहिए।
इसके बाद सेतु निगम पुल की फिनिशिंग का काम करेगा। ओवरब्रिज के अंतिम छोर से कांठ रोड तक सड़क निर्माण भी बाकी है। वर्तमान स्थिति के मुताबिक पुल शुरू होने में तकरीबन तीन माह का समय लगेगा। रेलवे के जीएम आशुतोष गंगल में मुरादाबाद दौरे के समय सोनकपुर ओवरब्रिज पर फरवरी में यातायात शुरू कराने का दावा किया था। इससे पहले रेलवे के तीन बार किए गए दावे पूरे नहीं हो पाए। नतीजतन चार वर्षों से लंबित निर्माण जनवरी 2022 तक भी पूरा नहीं हो सका है। 1.15 किमी लंबा यह पुल हरिद्वार व दिल्ली की दोनों रेल लाइन से होकर कांशीराम नगर में उतरेगा। यहां से कांशीराम नगर होते हुए नया मुरादाबाद व दिल्ली रोड जाना आसान होगा। चार वर्षों में निर्माण का बजट बढ़कर 90 करोड़ से 116 करोड़ रुपये हो गया है। पुल की चार साइडों में से दो साइड भी शुरू नहीं हो सकी हैं। पुल को दिल्ली रोड से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण में भी सेतु निगम को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। जो सड़क कांशीराम नगर होते हुए दिल्ली रोड तक जा रही वह भारी वाहनों के लिहाज से संकरी है। जबकि पुल का निर्माण भारी वाहनों को शहर में प्रवेश न कराते हुए दिल्ली रोड से सीधे कांठ रोड पर पहुंचाने के लिए ही किया जा रहा है।
मुरादाबाद-सहारनपुर लाइन के ऊपर स्लैब डालने के लिए गर्डर तैयार हैं। जल्द ही एक दिन का ट्रैफिक ब्लॉक लेकर इसे पूरा कर दिया जाएगा। इसके बाद छिटपुट कार्य बचेगा। रेलवे तय समय के मुताबिक फरवरी में अपने हिस्से का कार्य पूरा कर लेगा।
- विकास गोयल, निर्माण प्रबंधक रेलवे