रामपुर के डूंगरपुर प्रकरण के तीन मामलों में सपा सांसद आजम खां के खिलाफ दर्ज तीन मुकदमों की कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी। क्योंकि, पीठासीन अधिकारी अवकाश पर थे। अब इस मामले की अगली सुनवाई 30 मार्च को होगी।
साल 2019 में डूंगरपुर बस्ती में रहने वाले लोगों ने आजम खां और कुछ सपाइयों पर यह आरोप लगाते हुए मुकदमे दर्ज कराए थे कि उनके साथ आजम खां के इशारे पर मारपीट, लूटपाट कर उनके मकानों को ध्वस्त कर दिया गया था। जिसमें आजम खां समेत कई सपाई आरोपी हैं।
इस मामले में गंज थाने में 12 मुकदमें दर्ज किए गए थे। जिसमें सभी मामलों में आजम खां की जमानत मंजूर हो चुकी है। इस मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट (सेशन ट्रायल) में चल रही है। पिछली तारीख को आजम खां के अधिवक्ता के द्वारा गंज थाने में दर्ज तीन मामलों में डिस्चार्ज प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया था।
जिस पर सोमवार को अभियोजन की ओर से आपत्ति दाखिल की जानी थी। सहायक शासकीय अधिवक्ता कमल कुमार गुप्ता ने बताया कि पीठासीन अधिकारी के अवकाश पर होने की वजह से इन मामलों की सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले की सुनवाई अब 30 मार्च को होगी।