कांठ। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विधानसभा स्तरीय मतदाता सूची के विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को लेकर बृहस्पतिवार को एसडीएम/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कांठ संत दास पंवार ने गांव-गांव पहुंचकर निरीक्षण किया।
उन्होंने बूथ लेविल अधिकारियों के द्वारा मतदाताओं को बांटे जा रहे गणना प्रपत्र का शीघ्र वितरण कर इन्हें भरकर वापस लेने और ऑनलाइन फिडिंग कराने के निर्देश भी बीएलओ को दिए। उन्होंने गांव पचोकरा, संदलीपुर, मानपुर, खानपुर, छज्जूपुरा, सराय खजूर आदि में डोर-टू-डोर पहुंचकर अब तक किए जा चुके कार्य की समीक्षा की। मतदाताओं से भी बात कर उन्हें जागरूक किया और कहा कि मतदाता निश्चिंत रहें, एसआईआर से कोई नुकसान नहीं है, इसमें भी बीएलओ का सहयोग करें। वहीं एसडीएम ने तहसील में भी बीएलओ संग बैठक कर कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कांठ विधान सभा क्षेत्र के सभी 419 बूथों पर चल रहे एसआईआर कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उनहोंने इस कार्य में लगे तहसीलदार राजकुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी छजलैट, खंड शिक्षाधिकारी छजलैट शिवम गुप्ता और चकबंदी अधिकारी तृतीय मुरादाबाद को भी गणना प्रपत्र वितरण कार्य की निगरानी रखने के लिए कहा है।