मुरादाबाद। वर्तमान में कोहरे का प्रभाव रेल संचालन पर नहीं है और न ही कहीं ट्रैक बाधित है। इसके बावजूद पिछले एक सप्ताह से 50 से अधिक ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। ट्रेनों को निर्धारित स्थान से अलग कहीं भी रोका जा रहा है। इससे यात्रियों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर रात नौ बजे तक 47 ट्रेनें देरी से पहुंचीं।
इसमें सबसे ज्यादा 220 मिनट लेट ट्रेन नंबर (05012) लखनऊ स्पेशल एक्सप्रेस रहीं। ट्रेन नंबर (05001) राप्ती गंगा 60 मिनट, बनारस फेस्टिवल स्पेशल 100 मिनट और दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस 85 मिनट देरी से चली। इस बीच यात्री अपनी शिकायत रेल मदद के माध्यम से दर्ज कराते रहे लेकिन कोई समाधान नहीं हो सका। कई यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से सवाल किया कि जब बिना कोहरे के यह हाल है तो आने वाले दिनों में रेलवे से समयपालन की अपेक्षा नहीं की जा सकती।
वहीं दूसरी ओर लक्सर-हरिद्वार में नॉन इंटरलॉकिंग और सहारनपुर-मुरादाबाद रेलखंड में दोहरीकरण के चलते देहरादून और रुड़की से चलने वाली ट्रेनें सहारनपुर से चल रही हैं। इससे रुड़की और देहरादून के सैकड़ों रेलयात्रियों को किल्लत हो रही है। इस कार्य के चलते बिजनौर, अमरोहा से भी कई ट्रेनों का संपर्क कट गया है। इस पर ट्रेनों का देरी से चलना यात्रियों के मन में असंतोष उत्पन्न कर रहा है। मंगलवार रात नौ बजे तक मुरादाबाद से गुजरने वाली कुल 72 ट्रेंनों में से केवल पांच ट्रेनें निर्धारित समय से पहुंची। वहीं 20 ट्रेनें ऐसी भी रहीं जोकि समय से पांच या 10 मिनट पहले पहुंच गईं। इसके अलावा 47 ट्रेनें काफी देरी से चलीं। रेलवे प्रशासन के मुताबिक एनआई के काम के कारण एक रूट पर ट्रैफिक होने से कुछ ट्रेनें लेट रही हैं, लेकिन इसमें काफी ट्रेनें ऐसी भी हैं जिनका लक्सर-हरिद्वार रूट से कोई संबंध नहीं है।