मुरादाबाद। रामगंगा नदी में बुधवार शाम नहाते समय बहा युवक चौबीस घंटे बाद नहीं मिल सका। बृहस्पतिवार सुबह से ही परिजन और एनडीआरएफ की गोताखोर टीम युवक की तलाश में जुटी रही।
सिविल लाइंस के चक्कर की मिलक निवासी वाहिद(20) टेलर है। मंगलवार को वाहिद के बड़े भाई नन्हे की शादी थी। बरात किशनपुर गई थी। बुधवार रात को वलीमा होना था। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम वलीमे की तैयारी चल रही थी। शाम करीब चार बजे वाहिद अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ रामगंगा नदी में नहाने के लिए चला गया था। इसी दौरान वह नदी में बह गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि एनडीआरएफ की गोताखोर टीम को बुलाया गया है। टीम ने काफी तलाश की, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल पाई है।