मुरादाबाद के अधिवक्ता अभय सहाय के माध्यम से बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी को पत्नी आलिया सिद्दीकी ने तलाक का नोटिस भिजवाया है। अधिवक्ता अभय सहाय ने बताया कि लॉकडाउन के कारण उनको रजिस्ट्री आदि के माध्यम से नोटिस नहीं भेजा जा सका।
अधिवक्ता ने बताया कि आलिया ने उनपर जो आरोप लगाए हैं वो वाकई बेहद गंभीर हैं। ऐसे में ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए नवाजुद्दीन को कानूनी नोटिस भिजवाया गया है। गौरतलब है कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी मुजफ्फरनगर के कस्बा बुढ़ाना के रहने वाले हैं और सिनेमा जगत में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं।
पिछले दिनों ही वह मुजफ्फरनगर स्थित अपने घर आए थे। लॉकडाउन के दौरान यात्रा कर जब वह अपने घर पहुंचे तो उनके और परिवारवालों के सैंपल लिए गए थे। हालांकि जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बावजूद सभी को 14 दिनों के लिए होम क्वारंटीन कर दिया गया है।