सपा के सदर विधायक इकबाल महमूद का एमएलसी चुनाव के मतदान के बाद दिए गए बयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह कह रहे हैं कि भाजपा सरकार में मुसलमानों पर जुल्म किया जा रहा है। इसमें वह यह भी कह रहे हैं कि पुलिस को सरकार ने बुलडोजर दे दिए हैं। इससे डर का माहौल सरकार बना रही है।
शनिवार को सदर विधायक संभल ब्लाक में एमएलसी के चुनाव के दौरान मतदान करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ मीडिया कर्मियों के सवाल पूछने पर कहा कि भाजपा सरकार में मुसलमानों पर जुल्म हो रहा है। आगे कहा कि 80 और 20 प्रतिशत की बात करने वाली सरकार इस समय 20 प्रतिशत लोगों को ही दबा कर बैठी हुई है। इकबाल महमूद ने बरेली जिले के भोजीपुरा विधायक शहजिल इस्लाम के पेट्रोल पंप पर बरेली विकास प्राधिकरण की ओर से हुई कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। कहा कि वह विधायक के बयान का समर्थन तो नहीं करते, लेकिन कार्रवाई का विरोध जरूर करते हैं। अगर पेट्रोल पंप मानक के विपरीत बना हुआ था तो कई साल बाद बरेली विकास प्राधिकरण की ओर से कार्रवाई क्यों की गई है। सरकार की यह बदले की भावना से की गई कार्रवाई है।
जब सोशल मीडिया मीडिया पर वायरल वीडियो के बारे में सदर विधायक से जानकारी की तो उन्होंने कहा कि सरकार जुल्म कर रही है यह साफ दिखाई दे रहा है। थानों के बाहर बुलडोजर खड़े कर दिए हैं। इससे डर का माहौल बनाया जा रहा है। प्रदेश में नगरों के नाम बदले जा रहे हैं। आगे कहा कि सरकारें तो आती और जाती रहती हैं, लेकिन सरकार का जुल्म याद रहता है।