मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव में बुधवार देर रात करीब तीन बजे घर में घुसकर दूसरे समुदाय के युवक ने अपने पिता, दो चाचा के साथ मिलकर एक युवती और उसकी छोटी बहन को अगवा करने की कोशिश की। परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने तमंचे से युवती के भाई और मां-बाप को गोली मार दी, जिससे वे घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीआईजी मुनिराज जी और एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
यह दुस्साहसिक वारदात मूंढापांडे के गांव में रात करीब तीन बजे हुई। इस गांव में फर्म कर्मी का परिवार रहता है। उन्होंने बताया कि रात करीब तीन बजे बारिश हो रही थी। वह आंगन में ही पन्नी के नीचे चारपाई पर सो रहा था। पास में चारपाई पर उसकी पत्नी, तीसरी चारपाई पर शादीशुदा (22) बेटी और छोटी बेटी (17) सो रही थीं। बेटा और उसकी पत्नी मकान की पहली मंजिल पर सो रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी मुस्लिम, उसका पिता नन्हें, चाचा आले हसन और सुलेमान तमंचा लेकर घर में घुस गए।
फर्म कर्मी का आरोप है कि उसकी दोनों बेटियों को आरोपियों ने अगवा करने की कोशिश की। शोर होने पर युवती के मां-बाप और भाई-भाभी जाग गए। परिवार के लोगों ने विरोध किया तो आरोपी मारपीट करने लगे। इसी दौरान उसके नकाब खुल गए। इसी दौरान आरोपी ने युवती के भाई के सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी, जिसमें वह घायल हो गया। युवती की मां के पैर और पिता के हाथ में गोली मारी गई है।
भाई की हालत अब भी गंभीर
आरोपियों ने युवती के मां-बाप और भाई को गोली मारी थी। भाई के सीने पर तमंचा सटाकर गोली मारी गई है जबकि मां के पैर और पिता के हाथ में गोली मारी गई थी। इस दौरान आरोपियों ने चार राउंड फायरिंग की थी। इसके अलावा पिता के हाथ पर किसी धारदार हथियार से भी हमला किया गया था। भाई की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से रेफर कर दिया गया है। अब डीएमयू में उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
डीआईजी ने गठित की पांच टीमें
डीआईजी मुनिराज जी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन कर दिया है। सीओ हाईवे, मूंढापांडे थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज के अलावा एसओजी प्रभारी के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया है। सभी टीमें अपने अपने स्तर से आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।