मुरादाबाद। आलोक मेहरोत्रा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इसमें एमपीएस क्रिकेट एकेडमी ने यूथ टीम को 42 रनों से हराया। साथ ही टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया। एमपीएस टीम से ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अंकुर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 17 अप्रैल को 24वीं बटालियन पीएसी के मैदान पर खेला जाएगा।
टॉस जीतकर एमपीएस क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम की शुरूआत काफी खराब रही। महज 16 रन पर ही तीन विकेट गिर गए। इसके बाद मध्य क्रम के बल्लेबाजों ने मोर्चा संभाला। अंकुर और विपिन की जोड़ी ने धुआंधार बल्लेबाजी से टीम का स्कोर 215 तक पहुंचाया। विपिन ने नाबाद 111 और अंकुर ने 90 रन बनाए। यूथ टीम के तुषार सैनी ने तीन विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूथ एकेडमी की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 173 रन बना सकी। आशु ढाका से सर्वाधिक 47 रन बनाए। एमपीएस के अंकुर ने बॉलिंग में भी कमाल दिखाया। उन्होंने 29 देकर तीन विकेट लिए। इस तरह एमपीएस ने यह मैच 42 रनों से जीत लिया।
मैच के अजीत सिंह, आदित्य रस्तोगी, नरेंद्र, आलोक, मोहम्मद शमीम, विनय चौधरी आदि मौजूद रहे। अंपायरिंग सतेंद्र और निश्चल चाहल ने की। ऑफलाइन स्कोरर गुणित और ऑनलाइन स्कोरर अर्पित रहे। वंश, शिखर, हर्षित, हिमांशु, अरुण आदि का सक्रिय सहयोग रहा।