सांसद आजम खां के करीबी पूर्व सीओ आले हसन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आले हसन सोमवार की सुबह लगभग 11 बजे अदालत में समर्पण करने जा रहे थे। पूर्व सीओ आले हसन पर 54 मुकदमे दर्ज हैं।
इनमें से कई मामलों में चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है। उनके खिलाफ सिविल लाइंस कोतवाली में 2019 में एक मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सीओ सिटी रहते हुए उन्होंने जमीन पर किसी को कब्जा करवा दिया था।
इस मुकदमे की सुनवाई के दौरान वो लगातार गैरहाजिर चल रहे थे। कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। इसके बाद सीआरपीसी की धारा 82 के तहत कुर्की की उद्घोषणा की कार्रवाई भी उनके खिलाफ की गई थी।
इसकी अवधि सोमवार को पूरी हो रही थी। पूर्व सीओ सोमवार को कोर्ट में समर्पण के लिए जा रहे थे। कलक्ट्रेट के रास्ते में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सिविल लाइंस कोतवाली लाकर उनसे पूछताछ की गई। मंगलवार की सुबह उनको कोर्ट में पेश किया जाएगा।