शरीफ नगर स्थित एक बैंक्वेट हॉल से चोरी की गई बाइक को चोर उसी के मालिक को बेचने पहुंच गए। हालांकि पहचान होने पर आरोपी बाइक लेकर भाग गए। चोरों ने बाइक को बेचने के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप में फोटो डाला था। फोटो देखकर बाइक के मालिक ने उसे खरीदने की बात कही थी।
गांव किशनपुर गांवड़ी निवासी अजय प्रताप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 अप्रैल को वह बाइक से गांव शिवनगर में एक शादी समारोह में खाना खाने गया था। एक स्कूल के बाहर बाइक खड़ी कर वह शादी में शामिल होने चले गए। वापस आए तो बाइक गायब थी।
अजय का कहना है कि मामले में पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। उधर, दारापुर निवासी रईस अहमद की बाइक ग्रीन व्यू रिसोर्ट के सामने से सात दिसंबर 2023 की रात को चोरी हो गई थी। इसकी रिपोर्ट भी पुलिस ने दर्ज नहीं की है।
वहीं अधिवक्ता फिरासत अली की छह अप्रैल में उसकी बाइक चोरी हुई थी। जो कुंडा पुलिस ने बरामद भी कर ली है। हालांकि करीब एक माह बाद भी रिपोर्ट दर्ज न होने पर उसे उसकी बाइक नहीं मिल पाई है।